फटा पोस्टर निकला हीरो वर्ष 2013 में आई हिंदी एक्शन कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म में मुख्य भूमिका में शाहिद कपूर, इलियाना डीक्रूज नजर आये थे। फिल्म सिनेमाघरों में 20 सितंबर 2013 में रिलीज हुई थी। फिल्म की कहानी विश्वास राव मुंबई जाकर हीरो बनने के लिए कोशिश करना चाहता है लेकिन उसकी मां (पद्मिनी कोल्हापुरी) नहीं चाहती की वो हीरो बने बल्कि वो चाहती है कि विश्वास राव एक ईमानदार पुलिस इंसपेक्टर बने। लेकिन जब पुलिस की नौकरी के लिए इंटरव्यू देने मुंबई जाने की बात आती है तो वो विश्वास को मु्बई भेज देती है। मुंबई आकर विश्वास राव पुलिस के लिए इंटरव्यू नहीं देता बल्कि हीरो बनने के लिए ऑडीशन देने लगता है। एक दिन अपनी पोर्टफोलिये के लिए अलग अलग कॉस्टयूम में फोटो खिंचवाते समय विश्वास पुलिस की वर्दी पहन लेता है और उसी वर्दी में बाहर जाता है जहां उसे काजल (इलियाना) मिल जाती है ओर गुंडों को पकड़वाने के लिए ले जाती है। आखिरकार विश्वास राव को एक निर्देशक अपनी फिल्म में हीरो बनने का चांस देता है। लेकिन तभी विश्वास राव की गलती से पुलिस वर्दी में तस्वीर न्यूजपेपर में छप जाती है और विश्वास राव की मां उस पेपर को देखकर ये समझती है कि वो पुलिस इंसपेक्टर बन गया है। विश्वास राव की मां मंबई आती है और उसे बेवकूफ बनाने के लिए विश्वास पुलिस बनने की एक्टिंग करता है। लेकिन परिस्थितियां कुछ ऐसी बनती हैं कि वो पुलिस के साथ मिलकर गुंडों की सफाई करने में जुट जाता है। अपनी मां के लिए विश्वास कभी भी कुछ गलत काम नहीं करता और आखिर में उसके अच्छे कामों की वजह से उसे पुलिस में भर्ती होने का मौका मिलता है।