विश्वरूपम वर्ष 2013 में रिलीज हुई एक स्पाई थ्रिलर फिल्म है, जिसका लेखन ,निर्देशन और सह निर्माण कमल हासन ने किया है। कमल फिल्म में मुख्य भूमिका में नजर आये, इसके अलावा फिल्म में राहुल बोस, शेखर कपूर, पूजा कुमार जयदीप अहलावत भी दिखाई दिए। फिल्म हिंदी और तमिल भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज हुई। कहानी: फिल्म की कहानी भरतनाट्यम टीचर विश्वनाथ (कमल हासन) और उसकी पत्नी डॉ निरूपमा (पूजा कुमार ) के ईर्द-गिर्द घूमती है। निरूपमा अपने पति से संतुष्ट नहीं रहती है क्योंकि उसके पति को दैहिक संबंधों में रूचि नहीं हैं और वो बाप नहीं बन सकता है। उसकी जिंदगी में केवल संगीत है। इसी चक्कर में उपेक्षित निरूपमा अपने बॉस के प्रति आकर्षित हो जाती है। अचानक से वो और उसका बॉस आतंकवादी उमर ( राहुल बोस) के चंगुल में आ जाते हैं।जो कि उस शहर को जहां निरूपमा रहती है उसे बम से उड़ाना चाहता है। तभी अचनाक से निरूपमा को अपने पति विश्वनाथ का नया चेहरा दिखायी पड़ता है। बुराई पर अच्छाई की जीत होती है और विश्वनाथ घनघोर आंतक से अपने शहर,अपनी पत्नी को बचा लेता है।