Hridyam Movie Review: टूटे हुए दिलों के लिए मरहम है ये फिल्म, आंखों से निकलेंगे आंसू; दिल से निकलेगी आह!
Hridyam Malayalam Movie Review: मलयायलम सिनेमा देश भर में काफी फेमस हो रहा है। चाहे क्राइम थ्रिलर हो या रोमांस... हर जॉनरा में ये सिनेमा खुद को अव्वल साबित कर रहा है। अगर आप भी इस सिनेमा की दुनिया से रूबरू होना चाहते हैं तो हम आपके लिए लाए हैं एक खास सीरीज।

इस सीरीज में हम आपको बताएंगे मलयालम सिनेमा का AtoZ। अभी तक हमने A- Aavesham, B- Bhoothkaalam, C- Cold Case, D- Drishyam, E- Eko, F- Family, G- Golam का रिव्यू कर लिया है और आज हम आपके लिए H- Hridyam का रिव्यू करने जा रहे हैं।
क्या है कहानी
विनीत श्रीनिवासन की फिल्म 'हृदयम' एक ऐसे लड़के की कहानी है, जिसकी जिंदगी कॉलेज से शुरू होकर जिम्मेदारियों तक पहुंचती है। कहानी के सेंटर में है अरुण नीलकंदन (प्रणव मोहनलाल), जो चेन्नई के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई के लिए आता है। कॉलेज के पहले ही दिन उसे दर्शना (दर्शना राजेंद्रन) से प्यार हो जाता है।
कॉलेज लाइफ की मस्ती, दोस्ती, रैगिंग, पहला प्यार और फिर पहला दिल टूटना- पहला हाफ इन्हीं एहसासों के इर्द-गिर्द घूमता है। ब्रेकअप के बाद अरुण का जीवन भटकाव से गुजरता है, लेकिन एक अहम मोड़ उसे जिंदगी को एक नए नजरिए से देखने पर मजबूर करता है।
कॉलेज खत्म होने के बाद कहानी दूसरे स्टेज में एंटर करती है, जहां अरुण की मुलाकात नित्या (कल्याणी प्रियदर्शन) से होती है। यहीं से उसकी जिंदगी में स्थिरता, समझदारी और इमोशनल मैच्योरिटी आती है। फिल्म पूरे सफर में यह दिखाती है कि कैसे छोटे-छोटे एक्सपीरिएंस एक इंसान को अंदर से बदल देते हैं।
कैसी है फिल्म
'हृदयम' किसी बड़े ड्रामे या चौंकाने वाले ट्विस्ट पर नहीं टिकी है। यह एक स्लो-बर्न, फील-गुड कमिंग-ऑफ-एज ड्रामा है। फिल्म की खासियत इसकी सादगी है।
विनीत श्रीनिवासन कॉलेज लाइफ और उसके बाद की जिंदगी को बिना जरूरत के डार्क बनाए दिखाते हैं। फिल्म में दर्द है, लेकिन निराशा नहीं; टूटन है, लेकिन उम्मीद भी है।
पहला हाफ इमोशनली रूप से ज्यादा भारी है, जबकि दूसरा हाफ हल्का, सुकूनभरा और ज्यादा बैलेंस्ड लगता है। कुछ हिस्सों में कहानी थोड़ी लंबी जरूर लगती है और रनटाइम खलता है, लेकिन इसके बावजूद फिल्म थकाती नहीं है।
कैसी है एक्टिंग
प्रणव मोहनलाल इस फिल्म में अब तक की सबसे संतुलित परफॉर्मेंस देते हैं। अरुण जैसे शांत, उलझे और धीरे-धीरे परिपक्व होते किरदार में वह काफी सहज लगते हैं। यह फिल्म उनके अभिनय के प्रति भरोसा पैदा करती है।
दर्शना राजेंद्रन सीमित स्क्रीन टाइम के बावजूद गहरी छाप छोड़ती हैं। उनका किरदार भावनात्मक उतार-चढ़ाव से गुजरता है और उन्होंने इसे बेहद संयम और सच्चाई के साथ निभाया है।
कल्याणी प्रियदर्शन नित्या के रूप में चुलबुली और प्यारी लगती हैं, हालांकि उनका किरदार हल्का लिखा गया है।
सपोर्टिंग कास्ट में अश्वत लाल, अजू वर्गीज़, विजयाराघवन और जॉनी एंटनी सभी अपने-अपने हिस्से को मजबूती से निभाते हैं।
फाइनल रिव्यू
'हृदयम' एक परफेक्ट फिल्म नहीं है, लेकिन यह दिल से बनी हुई फिल्म जरूर है। यह कॉलेज लाइफ की यादों, अधूरे प्यार और जिंदगी के धीरे-धीरे सुलझते सवालों को बहुत सादगी से सामने रखती है।
हिशाम अब्दुल वहाब का म्यूजिक फिल्म की आत्मा है और सिनेमैटोग्राफी कहानी के मूड को खूबसूरती से पकड़ती है।
अगर आप तेज रफ्तार वाली कहानी या हेवी ड्रामा की तलाश में हैं, तो शायद यह फिल्म आपके लिए ना हो। लेकिन अगर आप रिश्तों, यादों और भावनाओं से जुड़ी एक सुकूनभरी जर्नी देखना चाहते हैं, तो 'हृदयम' जरूर देखी जा सकती है।
कहां देख सकते हैं ये फिल्म
'हृदयम' 21 जनवरी 2022 में रिलीज हुई थी और इसे IMDb पर 8 रेटिंग मिली थी। अगर आप इस फिल्म को देखना चाहते हैं तो आप इसे OTT प्लैटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications











