Aavesham movie review: तीन स्टूडेंट्स, एक खतरनाक गैंगस्टर और जबरदस्त कॉमेडी, हटके है ये फिल्म!
Malayalam Aavesham movie review: अगर आप बॉलीवुड फिल्मों से थोड़ा बोर हो गए हैं और भारतीय सिनेमा में कुछ अच्छा देखना चाहते हैं तो आप मलयालम मूवीज को ट्राई कर सकते हैं। हम आपको रोज एक मलयालम मूवी का सजेशन और रिव्यू देने वाले हैं।

तो चलिए शुरू करते हैं एक शानदार जर्नी को, जहां आप और हम मिलकर मलयालम सिनेमा के कुछ शानदार फिल्मों के बारे में जानेंगे।
क्या है कहानी
आवेशम की कहानी तीन इंजीनियरिंग कॉलेज फ्रेशर्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पढ़ाई के लिए बेंगलुरु आते हैं। कॉलेज में उनके सीनियर्स उनकी बेरहमी से रैगिंग करते हैं और उनका मार-मारकर बुरा हाल कर दिया, जिससे उनका आत्मसम्मान बुरी तरह टूट जाता है।
रैगिंग से परेशान होकर ये तीनों दोस्त बदला लेने का फैसला करते हैं। इसके लिए वे एक लोकल गैंगस्टर की तलाश में निकलते हैं और इसी दौरान उनकी मुलाकात होती है रंगा अन्ना से। रंगा एक दबंग और रंगीन मिजाज गैंगस्टर है, जिसके पास ताकत भी है और नाम भी।
शुरुआत में रंगा और ये तीनों लड़के एक-दूसरे के साथ खूब मस्ती करते हैं। रंगा की शाही जिंदगी, शराब-पानी और उसका रौब उन्हें आकर्षित करता है। रंगा भी इन लड़कों से जुड़ जाता है और उनकी मदद से वे अपने सीनियर्स से बदला ले लेते हैं।
लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, हालात बदलने लगते हैं। कॉलेज में तीनों की पढ़ाई खराब हो जाती है, वे एग्जाम में फेल होते हैं और कॉलेज की तरफ से उन्हें वॉर्निं मिलती है। अब वे रंगा से दूरी बनाना चाहते हैं, लेकिन रंगा उन्हें छोड़ने को तैयार नहीं। यहीं से फिल्म गंभीर मोड़ लेती है। क्या वो रंगा से दूरी बना लेंगे? रंगा क्या बदला लेगा?
कैसी है फिल्म?
आवेशम एक अलग तरह की गैंगस्टर कॉमेडी है, जो हंसी के साथ-साथ अनकंफर्टेबल करने वाले पल भी दिखाती है। फिल्म का पहला हाफ तेज, मजेदार और पूरी तरह एंटरटेनिंग है। डायलॉग्स और सिचुएशनल कॉमेडी लगातार हंसाती है।
हालांकि, दूसरा हाफ थोड़ा लंबा लगता है और कुछ जगहों पर कहानी खिंची हुई महसूस होती है। अगर एडिटिंग थोड़ी और टाइट होती, तो फिल्म और इंपैक्टफुल बन सकती थी। इसके बावजूद फिल्म दर्शक को आखिर तक बांधे रखती है।
कैसी है एक्टिंग?
फहाद फासिल ने रंगा के किरदार में जान डाल दी है। उनका स्टाइल, एक्सप्रेशन और बॉडी लैंग्वेज फिल्म की सबसे बड़ी ताकत है। रंगा के रूप में फहाद डरावने भी लगते हैं और मजेदार भी और यही इस किरदार की खासियत है।
साजिन गोपू ने रंगा के करीबी साथी के रूप में बेहतरीन काम किया है। दोनों की केमिस्ट्री फिल्म के कई सीन को यादगार बना देती है। कुछ सीन में तो आपको मुन्ना और सरकिट जैसी जोड़ी का एहसास होगा। तीनों स्टूडेंट्स के रोल में आए कलाकार भी अपने किरदारों में फिट नजर आते हैं।
फाइनल रिव्यू
आवेशम उन दर्शकों के लिए है जो कुछ नया, अलग और मजेदार देखना चाहते हैं। फिल्म में दमदार एक्टिंग, बढ़िया कॉमेडी और एक अनोखा गैंगस्टर टच है। दूसरे हाफ की लंबाई थोड़ी खलती है, लेकिन फहाद फासिल की शानदार परफॉर्मेंस इस कमी को काफी हद तक पूरा कर देती है।
अगर आप फहाद फासिल के फैन हैं या हटकर बनी फिल्मों को पसंद करते हैं, तो आवेशम आपके लिए एक अच्छा ऑप्शन है।
कहां देखें फिल्म
आप इस फिल्म को आप जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं। इसे आप हिंदी में भी देख सकते हैं। इसके अलावा अगर आप इस फिल्म को मलयालम में देखना चाहते हैं तो इसे आप प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications











