दिल्ली 6 वर्ष 2009 में रिलीज हुई एक म्यूजिकल ड्रामा है, जिसका निर्देशन राकेश ओम प्रकाश मेहरा ने किया है। फिल्म में मुख्य भूमिका में सोनम कपूर, अभिषेक बच्चन, वहीदा रहमान, ऋषि कपूर, अतुल कुलकर्णी, दीपक डोबरियाल ,दिव्या दत्ता आदि नजर आये। कहानी दिल्ली -6 की कहानी की शुरूआत अमेरिका की पृष्ठभूमि से होती है। पुरानी दिल्ली का रहने वाला एक लड़का अपने मां -बाप की मर्जी के खिलाफ दूसरे धर्म की लड़की से शादी करता है। मां-बाप नाराज होते हैं तो वो अमेरिका चला जाता है। खैर हालात बदलते हैं और अब लड़के की मां (वहीदा रहमान ) उनके साथ अमेरिका में है लेकिन उसकी तबियत ठीक नहीं है। डॉक्टर कहते हैं कि अपने आखिरी दिनों में जो वो चाहें उन्हें करने दें। वहीदा वापस हिंदुस्तान जाना चाहती हैं। पोता रोशन (अभिषेक बच्चन) उन्हें लेकर दिल्ली 6 की उनकी हवेली पहुंचता है। उसके बाद कहानी कुछ इस अंदाज में आगे बढ़ती है कि कभी अभिषेक को दिल्ली अच्छी लगती है तो कभी वो वापस जाने का फैसला करता है। दिल्ली 6 की जिस हवेली में वो रहता है उसके साथ ही सोनम भी रहती हैं। उनके घरवाले चाहते हैं जल्द से जल्द उसकी शादी हो जाए। सोनम के पिता और उसके चाचा की आपस में आपस में नहीं बनती है। दिल्ली 6 के उस माहौल में हिंदू-मुसलमान के बीच गजब का आपसी भाईचारा दिखाया गया है।