सपनों की नई उड़ान

निर्देशक: विक्रमादित्य मोटवाने
निर्माता: अनुराग कश्यप
रेटिंग: 4/5
कुछ बातें ऐसी होती हैं जो कही नहीं जाती सिर्फ महसूस की जाती हैं। कुछ ऐसी ही फिल्म है उड़ान। ये तारे जमीं पर वाले बच्चे की कहानी नहीं है जो आपकी आखों में बार बार आंसू ला देती है और ना ही थ्री इडियट्स की तरह बस सोचने पर मजबूर करती है। फिल्म के निर्माता अनुराग कश्यप ने सही कहा है कि ये फिल्म उससे आगे ले जाती है।
पिता-पुत्र के सीधे-साधारण रिश्ते की जटिलताएं फिल्म में दिखाई गईं हैं। फिल्म की कहानी शुरु होती है शिमला के एक बोर्डिंग स्कूल से जहां फिल्म के मुख्य किरदार रोहन को उसके तीन साथियों के साथ पोर्न फिल्म देखने के अपराध में स्कूल से निकाल दिया जाता है। 8 सालों तक बोर्डिंग स्कूल में रहने के बाद रोहन अपने पिता के पास जमशेदपुर पहुंचता है जहां उसे पहली बार पता चलता है कि उसका एक छोटा सौतेला भाई भी है।
पढ़ें: फिल्म समीक्षा 'लम्हा'
रोहन के पिता चाहते हैं कि रोहन इंजीनियरिंग की पढ़ाई करे और उनकी फैक्ट्री में हाथ बंटाए। मगर रोहन लेखक बनना चाहता है और अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना चाहता है और यहीं से शुरु होती है रोहन के सपनों की उड़ान। पिता-पुत्र के रिश्ते पर बनी ये फिल्म एक समझ कायम करती है। एक पिता की अपने बड़े होते बेटे से उम्मीदें और वयस्क हो रहे बेटे के सपनों की टकराहट की ये कहानी है।
एक पिता के नजरिए से देखें तो समझ आता है कि एक बेटे के भविष्य के अच्छे बुरे फैसले लेना उनका फर्ज है और एक बड़े होते किशोर की नजरों से देखें तो समझ आता है कि वो अपने फैसले खुद लेना चाहता है और अपनी जिंदगी तरीके से जीना चाहता है। आखिर में वो वही करता है जो चाहता है।
पढ़ें: कांस में भारत की 'उड़ान'
आखिर के दृष्यों में अपने छोटे भाई को लेकर अपने सपनों की उड़ान पर निकलते रोहन को देखकर एक नई उम्मीद बंधती है, एक नया हौसला जगता है। फिल्म में चार मुख्य किरदार हैं और पूरी फिल्म इन्हीं के चारों तरफ घूमती है। कड़क पिता के किरदार में रोनित रॉय ने अपने करियर का बेहतरीन प्रदर्शन किया है, उनके भाई के रुप में राम कपूर जंचते हैं।
रोहन के किरदार में रजत बरमेचा का अभिनय काबिले तारीफ हैं। उनके छोटे भाई अर्जुन के किरदार में अयान बोराडिया ने भी प्रभावशाली अभिनय किया है। उड़ान अनुराग कश्यप और नए निर्देशक विक्रमादित्य मोटवाणी की सृजनात्मक और समझ की नई उड़ान है जो एक बार जरूर देखनी चाहिए।


Click it and Unblock the Notifications











