'गेम ओवर' फिल्म रिव्यू: तापसी पन्नू का शानदार अभिनय और दमदार कहानी अंत तक बांधे रखेगी
Recommended Video
सपना (तापसी पन्नू) अपने रूम की दीवार पर टंगे बोर्ड को देखती है, जिस पर लिखा है- What if life is a video game and déjà vu are just check points!' (क्या होगा यदि जिंदगी एक वीडियो गेम हो और पुर्वानुभव कुछ चेक प्वॉइंट्स)। वहीं, उसके घर के बाहर एक साइको किलर है जो लड़कियों को अपना शिकार बनाता है, उनका सिर काटकर मार डालता है, साथ ही मरती लड़की के आखिरी क्षण कैमरे में रिकॉर्ड करता है। उसके बाद क्लाईमैक्स तक फिल्म में जो होता है, वह एक कंपा देने वाला सफर है।

अश्विन सरवनन की 'गेम ओवर' की शुरुआत होती है एक सीरियल किलर से, जो 27 साल की शहरी लड़की का बेहद भयानक तरीके से कत्ल कर देता है और फिर उसके सिर को काटकर उछाल देता है। इतना ही नहीं, वो फिर लड़की के शरीर को आग लगा देता है। वहीं, दूसरी ओर सपना एक उत्साही वीडियो गेमर है, जो इसकी आदी हो चुकी है।
धीरे धीरे हमें पता चलता है कि सपना का भी एक 'गहरा' अतीत है, जिससे वह जूझ रही है। उसे अंधेरे से डर लगता है और वह एक बार आत्महत्या करने की कोशिश भी कर चुकी है, जिससे वह अपने दोनों पैर तुड़वा बैठी है। 'एनिवर्सरी इफैक्ट' और 'मेमोरियल टैटू' का संबंध आपको जगह जगह पर ऐसे झटके देगा कि आप सांस रोककर आगे की कहानी का इंतजार करेंगे।
फिल्म के विचार या कहानी की बात करें तो, 'गेम ओवर' प्रभावित करती है। फिल्म की कहानी में एक नयापन है, जो आपको शुरु से अंत तक फिल्म से बांधे रखता है। निर्देशक ने फिल्म में कई ट्विस्ट एंड टर्न्स डाले हैं और दर्शकों को सरप्राइज करने में सफल रहे हैं। निर्देशक ने पहली सीन से ही फिल्म का मूड स्थापित कर दिया। हालांकि, कई चीजों को समेटने में निर्देशक ने कुछ हिस्सों को आधे में ही छोड़ दिया है। फिल्म कहीं कहीं पर कुछ धीमी हो जाती है, लेकिन जल्द ही उसे एक ट्विस्ट के साथ दिलचस्प बना दिया गया है। फिल्म का अंत आपको थोड़ा निराश कर सकता है।
अभिनय की बात करें तो, पहले फ्रेम से लेकर अंत तक तापसी पन्नू ने अपने किरदार को पकड़कर रखा है। सपना के अनुभव, इमोशन को आप महसूस कर सकते हैं। सपना की केयरटेकर कलम्मा के किरदार में विनोदिनी वैद्यनाथन भी शानदार रही हैं।
तकनीकी रूप से भी फिल्म काफी बेहतरीन है। अश्विन सरवनन ने 'गेम ओवर' में साइकोलॉजी को अपसामान्य घटनाओं के साथ जोड़कर कुछ अलग पेश करने की कोशिश की है और सफल रहे हैं। रिचर्ड केविन की शानदार एडिटिंग इस संस्पेंस- थ्रिलर में जान डालती है। हमारी ओर से फिल्म को 3 स्टार।


Click it and Unblock the Notifications













