मुझे उंगली पकड़कर रास्ता दिखाने वाला कोई नहीं था: प्रियंका चोपड़ा
बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा भले ही आज बॉलीवुड में बुलंदियों पर हो, लेकिन उनका कहना है कि उन्हें यहां तक पहुंचने के सफर में हमेशा एक मार्गदर्शक की कमी खलती रही है। आपको बता दें, प्रियंका अब फिल्म निर्माम के क्षेत्र में कदम रखने वाली हैं। प्रियंका ने फिल्म निर्माता की अपनी भूमिका के बारे में बताया, मुझे नहीं मालूम था कि मैं फिल्में बनाने वाली हूं। मैं कम बजट की फिल्में और नई प्रतिभाओं को सामने लाना चाहती हूं।
निर्माण के क्षेत्र में आने पर बात करते हुए प्रियंका कहती हैं कि फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कदम रखने का उनमें विचार खुद के अनुभव से आया। मैं जब फिल्म इंडस्ट्री में आई तो मेरी उंगली पकड़ने और मुझे यह कहकर रास्ता दिखाने वाला कोई नहीं था कि 'यह सही है और यह गलत।' मुझे कभी कोई मार्गदर्शक नहीं मिला और न ही मेरी ऐसे लोगों से दोस्ती थी, जो फिल्मों के बारे में कुछ जानते हों।
प्रियंका ने कहा, इसलिए मेरे लिए यह फिल्मी सफर बेहद तन्हा और डरवना था। लिहजा, अब मैं एक ऐसा प्रोडक्शन हाउस बनाना चाहती थी, जहां नई प्रतिभाओं- लेखकों, निर्देशकों, म्यूजिशियन और कलाकारों को छोटी-सी, लेकिन अच्छी शुरुआत मिले।
आपको बता दें, साल 2014 में मैरी कॉम से धूम मचाने वाली प्रियंका चोपड़ा के प्रोडक्शन की पहली फिल्म है 'मैडमजी'। इसका निर्देशन मधुर भंडारकर करेंगे और इसमें प्रियंका खुद मुख्य भूमिका में होंगी। फिल्म की शूटिंग नवंबर के अंत में शुरू होने की संभावना है।


Click it and Unblock the Notifications












