जया किशोरी या देवी चित्रलेखा, कौन लेती है ज्यादा फीस? किससे कथा कराना पड़ेगा आपको सस्ता
Jaya kishori Vs Devi Chitralekha Fees: आज के दौर में एक्टिंग, सिंगिंग और क्रिकेट जैसे हाई-प्रोफाइल करियर की तरह ही कथावाचन भी चर्चा का विषय बन गया है। देशभर में कई कथावाचक ऐसे हैं जिनकी लोकप्रियता किसी सेलिब्रिटी से कम नहीं मानी जाती।

बड़े-बड़े धार्मिक आयोजनों में उनकी कथाएं सुनने के लिए हजारों लोग जुटते हैं। यही वजह है कि उनके लाइफस्टाइल और कमाई को लेकर लोगों के मन में अक्सर जिज्ञासा रहती है। खासकर यह सवाल भी उठता है कि महिला कथावाचक कितनी फीस लेती हैं और उनकी कमाई कितनी होती है। आइए जानते हैं देश की चर्चित महिला कथावाचिकाओं और उनकी फीस से जुड़ी जानकारी।
जया किशोरी
महिला कथावाचकों में जया किशोरी का नाम सबसे ज्यादा लोकप्रिय है। उनकी भागवत कथा और भजन सुनने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह एक कथा के लिए करीब 9 से 10 लाख रुपये तक फीस लेती हैं। आमतौर पर आधी रकम एडवांस ली जाती है। बताया जाता है कि वह अपनी कमाई का एक हिस्सा सामाजिक कामों में भी दान करती हैं।
देवी चित्रलेखा
देवी चित्रलेखा ने बहुत छोटी उम्र से ही कथा वाचन शुरू कर दिया था। उन्होंने 4 साल की उम्र में गुरु गिरधारी बाबा की संस्था से जुड़कर धार्मिक शिक्षा ली और 6 साल की उम्र से कथा सुनाने लगीं। साल 2019 में उन्हें आध्यात्मिक और युवा उपदेशक के लिए वर्ल्ड बुक रिकॉर्ड से सम्मान मिला था। वह कथा के लिए तय फीस नहीं लेतीं, लेकिन उनके साथ काम करने वाले करीब 25-30 लोगों के स्टाफ के खर्च के लिए कुछ राशि ली जाती है।
पलक मिश्रा (पलक किशोरी)
पलक मिश्रा को पलक किशोरी के नाम से भी जाना जाता है। उनका असली नाम शांभवी मिश्रा बताया जाता है। उन्होंने साल 2021 में सिर्फ 16 साल की उम्र में भागवत कथा शुरू की थी। उनकी शैली कई लोगों को जया किशोरी जैसी लगती है। पलक मिश्रा कथा के लिए अलग से फीस नहीं लेतीं, लेकिन उनके साथ जाने वाले म्यूजिशियन और स्टाफ का खर्च आयोजकों से लिया जाता है।
देवी कृष्णप्रिया
देवी कृष्णप्रिया एक प्रसिद्ध कथावाचक और प्रेरक वक्ता हैं। उन्हें बचपन से ही धार्मिक गतिविधियों में रुचि रही है और वह करीब 13 साल की उम्र से प्रवचन दे रही हैं। उनके कार्यक्रम भारत के अलावा लंदन, सिंगापुर और कनाडा जैसे देशों में भी होते हैं। उनकी कथा की फीस के बारे में सार्वजनिक रूप से कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है।
देवी नेहा सारस्वत
देवी नेहा सारस्वत भी जानी-मानी महिला कथावाचक हैं। उन्होंने करीब 7 साल की उम्र से ही श्रीमद्भागवत और गीता का प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया था। उनकी कथाएं खासतौर पर भागवत कथा और रामायण पर आधारित होती हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उनका 7 दिन का गीता पाठ कार्यक्रम करीब 3 लाख रुपये में होता है।


Click it and Unblock the Notifications
















