'जर्सी' फिल्म, तेलुगु फिल्म जर्सी की बॉलीवुड रीमेक है । इस फिल्म के हिंदी वर्जन में शाहिद कपूर, मृणाल ठाकुर और पंकज कपूर मुख्य किरदार में हैं। फिल्म का निर्देशन गौतम तिन्ननुरी द्वारा किया गया है। देखें फिल्म के सभी पोस्टर और तस्वीरें कहानी अर्जुन 26 साल की उम्र में अचानक ही एक दिन क्रिकेट से दूरी बना लेता है। कुछ समय के बाद झूठे केस में फंसकर उसके हाथ से सरकारी नौकरी भी चली जाती है। ऐसे में घर की पूरी जिम्मेदारी उसकी पत्नी विद्या पर आ जाती है। समय के साथ अर्जुन अपने बेटे के और करीब आता जाता है और पत्नी से दूरी बढ़ती जाती है। विद्या उसे वापस नौकरी में भेजने के हर संभव प्रयास करती है.. लेकिन असफल रहती है। अर्जुन की जिंदगी का पन्ना उस दिन पलटता है.. जब बेटा उससे एक जर्सी की मांग करता है। अर्जुन किसी भी तरह अपने बेटे की ख्वाहिश पूरी करना चाहता है। कई दिनों तक वह प्रयास करता है, लेकिन रूपए नहीं जुटा पाता। अपने बेटे की नजरों में अपनी इज्जत बनाए रखने के लिए अर्जुन एक बार फिर क्रिकेट में वापसी करने की ठानता है। लेकिन 10 सालों के अंतराल के बाद.. और 36 साल की उम्र में खेल में वापसी आसान नहीं होती। ऐसे में अर्जुन किस तरह अपनी परिस्थितयों से लड़ता है.. इसी के इर्द गिर्द घूमती है पूरी कहानी। इस फिल्म में शाहिद एक क्रिकेटर के रूप में नज़र आयेंगे। ये फिल्म 14 अप्रैल 2022 को रिलीज़ होने वाली थी, लेकिन मेकर्स ने इस फिल्म को 1 हफ्ते के लिए पोस्टपोन कर दिया गया था, जिसके बाद ये फिल्म 22 अप्रैल 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज की गयी है।