बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी शाहिद कपूर स्टारर 'जर्सी', 2022 की फ्लॉप फिल्मों में शामिल
शाहिद कपूर स्टारर फिल्म 'जर्सी' को समीक्षकों से जितना ही प्यार मिला था, बॉक्स ऑफिस पर फिल्म उतनी ही जोर से औंधे मुंह गिरी है। पांच दिनों में मुश्किल से 17 करोड़ के लगभग का कलेक्शन कर पाई है। फिल्म के कंटेंट और शाहिद के अभिनय को लेकर फिल्म की बहुत तारीफ हुई थी। लेकिन फिल्म दर्शकों को सिनेमाघर तक लाने में सफल नहीं रही।
साथ ही जर्सी को केजीएफ 2 से जोरदार टक्कर मिली है। जहां केजीएफ अपने तीसरे हफ्ते में भी करोड़ों में कमाई कर रही है, जर्सी पांचवे दिन पर किसी तरह 1.50 करोड़ का बिजनेस कर पाई है। ट्रेड पंडितों की मानें तो जर्सी के पहले हफ्ते की कमाई ज्यादा से ज्यादा 19 करोड़ तक जा सकती है।

इसके बाद फिल्म को कमाई का मौका भी नहीं मिलेगा क्योंकि 29 अप्रैल को अजय देवगन की 'रनवे 34' और टाइगर श्रॉफ की 'हीरोपंती 2' सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। जाहिर है दोनों फिल्मों के आने से जर्सी के पास ना के बराबर स्क्रीन रहेगी। साथ ही अभी तक हिंदी बेल्ट में आरआरआर और केजीएफ 2 को भी स्क्रीन मिले हुए हैं।
फिल्म ने महज 4 करोड़ की ओपनिंग के साथ शुरुआत की थी। ट्रेड को उम्मीद थी कि शाहिद कपूर जैसे सितारे की फिल्म कम से कम 50 करोड़ तक का लाइफ टाइम कलेक्शन देगी। लेकिन फिल्म ने धीमी शुरुआत ली और फिर ऊपर नहीं उठ पाई।
जर्सी ना सिर्फ साल 2022 की, बल्कि शाहिद के करियर की भी सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्मों में शामिल हो चुकी है। इस साल फ्लॉप होने वाली कुछ बड़ी हिंदी फिल्मों में जर्सी के साथ शामिल है- बच्चन पांडे, अटैक, राधे श्याम, झुंड, बधाई दो..


Click it and Unblock the Notifications












