केंद्रपाड़ा के स्टार नहीं नायक हैं शाहरुख
उड़ीसा के केंद्रपाड़ा जिले के बान्हीपाल गांव के लोगों ने आज तक बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की कोई फिल्म नहीं देखी, लेकिन वह उनके लिए नायक हैं। शाहरुख ने सौर ऊर्जा शक्ति परियोजना को वित्तीय सहायता दी है, जिससे सूर्यास्त के बाद भी यह गांव रोशनी से जगमगा सकेगा।
इसी गांव की लक्ष्मी मंडल कहती हैं, "हमारे गांव में बिजली नहीं है और हमें इस बात की भी कोई आशा नहीं है कि निकट भविष्य में सरकार द्वारा बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इसलिए बिजली की लालटेन हमारे लिए काफी उपयोगी होंगी। यद्यपि पहले हम मिट्टी के तेल से जलने वाली लालटेनों का उपयोग करते थे लेकिन हमारे गांव के बंगाल की खाड़ी से कुछ ही किलोमीटर दूरी पर होने की वजह से तेज हवाएं ऐसी लालटेन को जलने नहीं देतीं।"
बान्हीपाल अकेला ऐसा गांव नहीं है जिसे शाहरुख की दरियादिली का फायदा मिल रहा है। शाहरुख की मदद वाली इस सौर ऊर्जा शक्ति परियोजना से छह अन्य गांवों में भी रोशनी फैलेगी। ये गांव हैं, केंद्रपाड़ा जिले के अहिराजपुर, ओकिलापाला, पालाछुआ, रंगानी, देनलासाही और गुप्ती।
यह परियोजना एनडीटीवी के 'लाइटिंग बिलियन लाइव्स' प्रयास का हिस्सा है। इस परियोजना को द एनर्जी एंड रिसोर्स इंस्टीट्यूट (टीईआरआई) का तकनीकी सहयोग प्राप्त है।
प्रत्येक गांव को 50 सौर लालटेने दी गई हैं। इन लालटेनों को हर सुबह सोलर पैनल्स की मदद से चार्ज किया जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications











