हम दोनो' कामयाब रही, तो सभी फिल्मों को रंगीन कर दूंगा: देवानंद

एक आयोजन के दौरान देव आनंद ने कहा, "यदि 'हम दोनों' दर्शकों ने स्वीकार कर ली तो मैं अपनी सभी फिल्मों को रंगीन कर दूंगा। जैसे चित्रकार अपनी पेंटिग्स के प्रति भावुक होता है वैसे ही मुझे अपनी सभी फिल्में प्रिय हैं।"
उन्होंने कहा, "यह नवकेतन (उनके प्रॉडक्शन हाउस) दौर की आखिरी श्वेत-श्याम फिल्म है और इसमें मैंने पहली बार दोहरा किरदार निभाया था।..इसे बर्लिन फिल्म महोत्सव में भारत की ओर से आधिकारिक प्रविष्टि के तौर पर भेजा गया था।" इस फिल्म की कहानी उनके भाई विजय आनंद ने लिखी थी और इसका निर्देशन अमरजीत ने किया था।
देव आनंद स्वीकार करते हैं कि 'हम दोनो' का रंगीन संस्करण लाने की पहल उन्होंने नहीं की थी। उन्होंने बताया, "कुछ अर्सा पहले हैदराबाद से किसी ने मुझसे सम्पर्क किया और उन्होंने कहा कि वह 'हम दोनो' को रंगीन करना चाहते हैं। उसे बहुत खूबसूरती से रंगा गया था। इसलिए मैंने तय किया कि लोगों को 50 साल पुराना देव आनंद देखने का मौका दिया जाए।"
यह पूछने पर कि क्या उन्हें लगता है कि श्वेत-श्याम का जादू रंगीन में दोबारा उकेरा जा सकता है, इस पर देव आनंद ने कहा, "ड्रामा फिर से उकेरा जा सकता है..केवल कुछ रहस्य, कुछ परछाइयां, कुछ स्याह जगह हैं, इन्हें दिखाया नहीं जा सकता। लेकिन आप 'हम दोनो' को श्वेत-श्याम में देखिए फिर रंगीन में। मैंने सोचा था कि मैं कभी 'हम दोनो' को नहीं छू सकूंगा लेकिन जब मैंने उसे रंगीन देखा, तो मेरे विचार बदल गए।"
देव आनंद को अपनी फिल्मों का रीमेक बनाना पंसद नहीं है। उनका कहना है, "मैं अपनी फिल्में नहीं दोहराऊंगा। अगर मैं अपनी फिल्म दोहराऊंगा तो इसका मतलब होगा कि मैं खुद को दोहरा रहा हूं।"उन्होंने कहा, "मैं 'गाइड' फिल्म के रीमेक की इजाजत नहीं दूंगा। कोई भी उस फिल्म को भूल नहीं सकता। लोगों को 'गाइड' से बेहतर फिल्म बनाने की चुनौती का सामना करने दीजिए।"


Click it and Unblock the Notifications











