लिसन अमाया वर्ष 2013 में आई एक हिंदी ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन अविनाश कुमार ने किया है। फिल्म में फारुक शेख, दीप्ति नवल, स्वरा भास्कर मुख्य भूमिका में नजर आयीं। लीला कृष्णमूर्ति एक लाइब्रेरी कम कॉफी शॉप चलाती हैं जिसका नाम है ‘बुक ए कॉफी’। विधवा लीला आजाद खयालों वाली महिला है और उसकी 22 वर्षीय बेटी अमाया एक लेखिका है। मां-बेटी के रिश्ते बेहद आधुनिक हैं और दोनों अच्छी दोस्त हैं। 60 वर्षीय जयंत सिन्हा एक फोटोग्राफर है जो अक्सर कॉफी शॉप पर आता है। अमाया से उसकी मुलाकात होती है और दोनों अच्छे दोस्त बन जाते हैं। अमाया और जयंत एक कॉफी टेबल बुक प्लान करते हैं। लीला ने अपने पति को 12 वर्ष पहले खोया था और वह एक बार फिर प्यार में पड़ जाती है। चूंकि अमाया की परवरिश एक खुले माहौल में हुई रहती है इसलिए लीला को लगता है कि अमाया को उसके किसी रिश्ते से समस्या नहीं होगी। अमाया का रवैया क्या रहता है, इसके लिए आपको थियेटर में जाकर फिल्म देखनी होगी।