तेरा सुरूर एक भारतीय हिंदी एक्शन ड्रामा है, जिसका निर्देशन शान अर्रान्हा ने और निर्माण विपिन रेशमिया व सोनिया कपूर ने किया है। बता दें कि यह 2007 में आई 'आपका सुरूर' की सीक्वल फिल्म है। फिल्म में हिमेश रेश्मिया और एक्ट्रेस फराह करीमी अहम किरदार में नजर आएंगे। इन दोनों के अलावा फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, शेखर कपूर, मोनिका डोगरा, कबीर बेदी और शेरनाज पटेल जैसे सितारे भी अहम रोल में हैं। यह फिल्म 11 मार्च 2016 को सिनेमाघरों में हुई थी।
फिल्म की कहानी
कहानी : रघु (हिमेश रेशमिया) के सिर से पिता का साया बचपन में ही छिन चुका है। अपनी बीमार मां का इलाज कराने के लिए उसे दस हजार रुपये चाहिए। रघु को एंथनी दस हजार रुपये इस शर्त पर देता है कि वह एक ड्रग डीलर की हत्या करेगा। रघु ऐसा ही करता है, लेकिन अपनी बीमार मां को नहीं बचा पाता। अब वह जवान हो चुका है और अच्छी-खासी कमाई कर रहा है। इसी बीच रघु की तारा (फराह करीमी) से मुलाकात होती है, और दोनों को प्यार हो जाता है। रघु अब एक नामी गैंगस्टर बन चुका है, जबकि तारा की नजरों में वह बिज़नसमैन है। रघु तारा से कुछ भी छिपाना नहीं चाहता, लेकिन एक दिन जब वह तारा को बताता है कि उसने एक रात किसी दूसरी लड़की के साथ गुजारी है तो तारा इसे बर्दाश्त नहीं कर पाती और आयरलैंड के शहर डबलिन चली जाती है। डबलिन जाते ही तारा को वहां की पुलिस ड्रग्स तस्करी के आरोप में जेल भेज देती है। अब अपने प्यार को बचाने की खातिर रघु भी डबलिन पहुंच जाता है। यहां आने के बाद रघु का एक ही मकसद है, अपने साथ तारा को किसी तरह वापस लेकर जाना।