सब कुशल मंगल वर्ष 2020 में रिलीज होने वाली एक रोमांस कॉमेडी बॉलीवुड ड्रामा है, जिसका निर्देशन करण कश्यप ने किया है। इस फिल्म में बॉलीवुड एक्ट्रेस पद्मिनी कोल्हापुरे और प्रोड्यूसर प्रदीप शर्मा के बेटे 'प्रियांक' और भोजपुरी फिल्मों के स्टार रवि किशन की बेटी 'रीवा' ने बॉलीवुड में डेब्यू किया हैं। फिल्म में डेब्यूटेंट्स के अलावा अक्षय खन्ना भी अहम रोल निभाते नजर आते है।
'जबरिया जोड़ी' के बाद पकड़वा विवाह पर एक और फिल्म आई है, जिसका नाम है 'सब कुशल मंगल'। कहानी है कर्नलगंज के एक लोकल नेता और गुंडा बाबा भंडारी (अक्षय खन्ना) की, जो लड़कों को जबरदस्ती पकड़कर उनका विवाह उन लड़कियों से कराता है, जिनका परिवार लड़के वालों को दहेज देने में असमर्थ है। यानि की उसकी नजर में वह एक परोपकारी है। इसी क्रम में वह एक टीवी पत्रकार पप्पू मिश्रा (प्रियांक शर्मा) को अगवा करता है, लेकिन यहां से कहानी मोड़ लेती है। भंडारी को उसी लड़की (रीवा किशन) से पहली नजर में प्यार हो जाता है, जिसके लिए उसने पत्रकार को अगवा किया था। अब लड़की की शादी किससे होती है, इसी के इर्द गिर्द घूमती है फिल्म की कहानी।