पटियाला हाउस वर्ष 2011 में रिलीज हुई भारतीय स्पोर्ट्स ड्रामा है, जिसका निर्देशन निखिल आडवानी ने किया है। फिल्म में मुख्य भूमिका में अक्षय कुमार, अनुष्का शर्मा, ऋषि कपूर,डिंपल कपाड़िया मुख्य भूमिका में नजर आये।
कहानी : पटियाला हाउस एक ऐसे परिवार की कहानी है जो चार पीढ़ियों से लंदन में रह रहा है। परिवार के मुखिया हैं गुरतेज सिंह (ऋषि कपूर) जिनके बनाए गए कायदे-कानून के मुताबिक ही परिवार के हर सदस्य को रहना पड़ता है। फिर चाहे उसकी मर्जी हो या न हो। 20 साल पहले की एक घटना के वजह से गुरतेज को अंग्रेजों से नफरत है। वहीं गुरतेज सिंह के परिवार की नई पीढ़ी अपने सपनों को पूरा करना चाहती हैं, लेकिन बाबूजी के प्रति प्यार और सम्मान की खातिर उन्हें सपनों को एक तरफ रखना पड़ता है। परघट सिंह उर्फ गट्टू (अक्षय कुमार) प्रतिभाशाली तेज गेंदबाज था, जो इंग्लैंड की तरफ से क्रिकेट खेलना चाहता था, लेकिन बाबूजी की जिद के चलते वो ऐसा नही कर सकता। मन मारकर गट्टू एक स्टोर पर काम करता है मगर इसी बीच उसे अपना सपना पूरा करने का एक और मौका मिलता है, जिसे वह किसी भी कीमत पर खोना नहीं चाहता। यहां गट्टू एक अजीब उलझन में फंस जाता है। वह परिवार चुने या अपना सपना। फिल्म परिवार के रिश्तों की इसी कशमकश पर आधारित है।