लव आज कल वर्ष 2009 में रिलीज हुई एक रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा है, जिसका निर्देशन इम्तियाज अली ने किया है। फिल्म में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका में नजर आये थे।
कहानी
लव आज कल की कहानी अलगाव से शुरू होती है। यह अलगाव ही कहानी का मूल बिंदू है। जय (सैफ अली खान) और मीरा (दीपिका पादूकोण) एक दूसरे से बहुत प्रेम करते है। एक समय में उन्हें लगता है कि प्रेम उनके करियर में आड़े आ रहा है तो वे एक दूसरे से अलग हो जाते है। अलग होने बाद उन्हें अहसास होता है कि वे एक दूसरे के बिना नहीं रह सकतें है। इसके साथ एक और प्रेम कहानी है जो कल की है यानि पिछले युग की प्रेम कहानी है। जिसमें वीर (सैफ अली खान) पहली नजर में ही हरलिन को दिल दे बैठता है और उसे हर जन्म में अपनी पत्नी बनाने के बारे में सोचता है। आज की प्रेम कहानी में प्रेम के दूसरे मायने है जब आपके दिल में प्रेम तो है लेकिन उसे निभाने के लिए जज्बा नहीं है। वहीं दूसरे युग की प्रेम कहानी में प्रेम ही सबकुछ है। वीर हरलिन की एक झलक पाने के लिए प्रतिदिन कई किलोमीटर साइकिल पर सवार होकर आता है। आज के प्रेम में लोग पहले अपने करियर, खुशियों के बारे में पहले सोचतें है और प्रेम निभाने के बारे में बाद में सोचतें है। ऋषि कपूर पुराने वीर की भूमिका में है जो जय के प्रेम को देखकर दुखी हो जातें है और अपने प्रेम के बारे में बतातें है। उनका संवाद ''तब प्रेम करने के बाद लोग अपनी जिंदगी, करियर के प्रति गंभीर हो जाते थे और आजकल के प्रेम में जब वे गंभीर होतें है तो प्रेम करना छोड़ देतें है।'' काफी सटीक बैठता है।