क्रूक वर्ष 2010 में रिलीज हुई एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन मोहित सूरी ने और निर्माण मुकेश भट्ट ने किया है। फिल्म का निर्माण इमरान हाश्मी, नेहा शर्मा, अर्जन बाजवा मुख्य भूमिका में नजर आये। फिल्म 8 अक्टूबर 2010 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई।
कहानी : जय (इमरान हाश्मी) को लगता है की हर चीज़ में एक पैंच होता है तो फिर उसे सीधे तरीके से क्यों किया जाए। यानी वो किसी भी काम को सही तरीके से करने में यकीन नहीं रखता। उसकी चाहत करोड़पति बनने की है और इसके लिये उसे कोई भी रास्ता अपनाना मंजूर है। फिर चाहे वो गलत हो या सही इस बात की उसे कोई परवाह नहीं है। नेहा शर्मा (सुहानी) एक भारतीय छात्रा की भूमिका में हैं जो ऑस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों पर हो रहे नस्लीय हमलों के खिलाफ आवाज़ उठाती है। इमरान को नेहा से प्यार हो जाता है। इसी दौरान भारतीय और ऑस्ट्रेलियन छात्रों के दो गुटों में झगड़ा हो जाता है।
अर्जुन बाजवा भारतीय गुट के लीडर बने हैं। उनकी कोशिश मेलबर्न शहर में भारतीय संस्कृति को बसाने की है। वहीं यहीं मोहित सूरी ने परंपरा तोड़ने का प्रयास किया है। वे लीक पर चलकर भारतीयों को पूरी तरह से सही दिखाने से बचे हैं और उन्होंने इस हालात के लिये भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई दोनों छात्रों को बराबर रूप से गलत दिखाया है, हालांकि यह एक बहुत बड़ा खतरा है, लेकिन यही फिल्म का सबसे तगड़ा प्वाइंट भी है। हां यहां जय दोनों गुटों में सुलह कराने की कोशिश करता नजर आता है।