ऐ दिल है मुश्किल 2016 की रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसका लेखन-निर्देशन करण जौहर ने किया है। फिल्म में मुख्य भूमिका में रणबीर कपूर, ऐश्वर्या राय बच्चन, अनुष्का शर्मा हैं, फिल्म में शाहरुख़ खान-फवाद खान कैमियों करते हुए दिखाई दिए थे। फिल्म 28 अक्टूबर 2016 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म की कहानी रणबीर कपूर- अनुष्का शर्मा और ऐश्वर्या राय के इर्द गिर्द घूमती हुई नजर आती है।
फिल्म की कहानी
चार्मिंग दिखने वाला लड़का अयान (रणबीर कपूर) और मस्तमौला लड़की अलीजेह (अनुष्का शर्मा) की मुलाकात लंदन के एक बार में होती है। सीन को लंबा कर देने वाले कुछ रोमांटिक लम्हे। लेकिन जैसे ही चीजें थोड़ी आगे बढ़ने लगती हैं, अलीजेह को अयान के बचकानेपन का अहसास होता है। लिहाजा, दोनों का रिश्ता दोस्ती पर आकर खत्म हो जाता है। कुछ बीयर की बोतलें और कुछ फिल्में डॉयलोग्स.. उनकी दोस्ती को और गहरा करते हैं। इसके बाद एक डबल डेट का भंडाफोड़ का उस वक्त होता है, जब अयान को पता चलता है कि उसकी गर्लफ्रैंड लीजा (लीडा हेडन) उसे धोखा दे रही है। और उसका रिश्ता अलीजेह के होने वाले पति (इमरान अब्बास) के साथ है..
लीजा से अयान का रिश्ता तुड़वाने में अलीजेह अयान की मदद करती है और दोनों एक लंबी छुट्टी पर चले जाते हैं। इस बीत अयान को अहसास होता है कि उसे अलीजेह से प्यार हो गया है। लेकिन अलीजेह साफ इंकार कर देती है। तभी एंट्री होती है एलीजेह के पूर्व प्रेमी 'तबाही' अली (फवाद खान) की, जो नाइटकल्ब में डीजे है। अली स्वीकारता है कि उसे अभी भी अलीजेह से प्यार है और वह उसे अपनी जिंदगी में फिर पाना चाहता है। उधर दो दिल जुड़ रहे होते हैं, इधर अयान अपने इकतरफा प्यार के साथ दुख में डूब जाता है। तभी अचानक ही उसकी मुलाकात होती है सब़ा (ऐश्वर्या राय बच्चन) से। जो उसे प्यार के नए मायने समझाती है। अब क्या अयान के लिए टूटे दिल को फिर जोड़ना मुश्किल होगा.. या अलीजेह उसकी जिंदगी से गायब हो जाएगी। बाकी की पूरी फिल्म इसी प्लॉट के इर्द- गिर्द घूमती है।