गणेश जी की कृपा है जिससे तनाव-मुक्त जीवन जी रही हूं : श्वेता
टीवी अभिनेत्री श्वेता तिवारी बीते सात वर्षो से गणेशोत्सव मना रही हैं। वह कहती हैं कि भगवान गणेश के आशीर्वाद से अब वह अपना जीवन खुशहाली से जी रही हैं। श्वेता की निजी जिंदगी उतार-चढ़ाव भरी रही है। अभिनेता राजा चौधरी के साथ उनका विवाह असफल रहा। दोनों का तलाक भी हो गया। राजा चौधरी से उनकी एक बेटी है पलक।
उन्होंने हाल ही में जुलाई में लंबे समय से उनके मित्र रहे अभिनव कोहली से विवाह किया है। वह कहती हैं कि अब उनका जीवन पूरी तरह से तनाव-मुक्त है।
श्वेता ने सोमवार को यहां अपने आवास पर गणेशोत्सव के मौके पर संवाददाताओं से कहा, "अब मुझे यह भी अहसास नहीं होता कि दिन कब शुरू होता है और कब बीत जाता है। मैं कामना करती हूं कि गणपति आगे भी मेरा जीवन ऐसा ही रखें।"
'कसौटी जिंदगी की' और 'परवरिश-कुछ खट्टी कुछ मीठी' में अभिनय के लिए मशहूर श्वेता ने कहा, "मुझे कभी भी गणपति से कुछ भी मांगने की आवश्यकता महसूस नहीं हुई। मुझे हमेशा उनका आशीर्वाद मिला है। उन्होंने मुझे बहुत सा प्यार और खुशियां दी हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
