बिग बॉस विनर गौतम गुलाटी का फ्यूचर प्लान, मिलेगा टिकट टू बॉलीवुड?
गौतम गुलाटी बिग बॉस तो जीत गए लेकिन अब क्या। अब जब गौतम घर के बाहर आ चुके हैं तो उनका मानना है कि अब वो खुद को लेकर काफी कॉन्फिडेंट और सकारात्मक हैं। इतना ही नहीं, गौतम अब वापस टीवी पर नहीं जाना चाहते बल्कि अब वो पूरी शिद्दत से बॉलीवुड में एंट्री पाने की कोशिश में जुटने वाले हैं।
गौरतलब है कि गौतम गुलाटी इससे पहले स्टार प्लस के मशहूर सीरियल दिया और बाती हम में एक साइड रोल कर रहे थे। लेकिन 27 साल के गौतम की ज़िंदगी ने बिग बॉस के घर में ऐसी पलटी खाई जिसकी उम्मीद उन्होंने भी नहीं की थी।
अब जब बिग बॉस खत्म हो गया है तो गौतम अपना पूरा ध्यान अपने फिल्मी करियर पर देना चाहते हैं। हालांकि गौतम को बिग बॉस के घर में एक ज्योतिषी ने बताया कि उन्हें मुख्य भूमिकाएं नहीं मिलेंगी बल्कि वो साइड रोल और कैरेक्टर आर्टिस्ट बनकर नाम कमाएंगे।
पर गौतम अपने फिल्मी करियर को लेकर बहुत सीरियस हैं और इस ओर पूरा ध्यान देने वाले हैं। हालांकि गौतम की एक्टिंग के कायल उनके साथी प्रतियोगी भी थे। सबका मानना था कि गौतम गुलाटी ने एक कैरेक्टर पकड़ा है और वो उसी को लेकर पूरे चार महीने चले और इस बात की दाद देनी चाहिए।
हालांकि कुछ प्रतियोगियों ने जमकर गौतम का साथ दिया। उनका मानना था कि गौतम इस खेल को बिल्कुल सच्चाई और बिना किसी लाग लपेट के खेल रहे हैं। वहीं गौतम की पॉपुलैरिटी सोशल मीडिया पर भी खूब देखी गई। ऐसे में देखना है कि क्या उन्हें मिल पाएगा टिकट टू बॉलीवुड?


Click it and Unblock the Notifications












