आखिर क्यों नहीं सुन रहे कलर्स वाले कपिल का रोना-धोना?
अब आप कहेंगे कि आखिर कपिल को रोने-धोने की क्या जरूरत पड़ गयी तो मैं बता दूं ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि शो के होस्ट कपिल शर्मा अब सिल्वर स्क्रीन पर चमकने को तैयार हैं। उन्होंने यशराज प्रोडक्शन के साथ तीन फिल्मों का करार किया है, जिसकी पहली फिल्म 'बैंक चोर' से वो पहली बार बड़े पर्दे पर नजर आयेंगे।
लेकिन इस फिल्म की शूटिंग के लिए कपिल ने अपने फेमस शो 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' के प्रसारण को एक दिन करने की सोची थी और इसलिए उन्होंने कलर्स वालों के सामने अपनी बात रखी लेकिन शो की लोकप्रियता देखते हुए चैनल वालों ने कपिल के इस प्रपोजल को सिरे से इंकार कर दिया।
कपिल अपना रोना-धोना उन्हें सुनाते रहे लेकिन चैनल वालों के सिर पर जूं तक नहीं रेंगी। जिसकी वजह से कपिल परेशान है कि अब वह फिल्म की शूटिंग के लिए समय कैसे निकालें?
कपिल ने मजाक करते हुए कहा, "किस्मत से मेरी फिल्म की शूटिंग कुछ समय के लिए अटक गई है क्योंकि फिल्म के बाकी कलाकारों का चयन पूरा नहीं हुआ है। अभी नहीं तो बाद में ही सही, लेकिन मुझे इस समस्या को झेलना ही पड़ेगा। शायद एक क्लोन बनवाया जाए और शो का नाम होगा 'हम आपके हैं..क्लोन।"
फिलहाल कपिल भी जानते हैं कि उनके शो का लोग कितनी बेताबी से इंतजार करते हैं और कोई चैनल किसी शो का प्रसारण किसी भी कीमत पर कम ना करने को तैयार हो, इससे बढ़कर खुशी तो शो के निर्माता को और कुछ हो ही नहीं सकती है, इसलिए कपिल कहीं ना कहीं चैनल के इस बर्ताव से काफी खुश भी है। खैर हम भी जानते हैं कि कपिल शर्मा बेहद ही मेहनती इंसान है, इसलिए वो कैसे भी करके फिल्म के लिए वक्त निकाल ही लेंगे और वो अपने शो की टीआरपी भी नहीं गिरने देंगे।


Click it and Unblock the Notifications
