सतरंगी ससुराल: एक तरफ इश्क, दूसरी ओर 7 सासों का रिस्क!
जी टीवी पर 3 दिसंबर से हर रात 10 बजे आपके लिए आएगा सतरंगी ससुराल। जहां दिखेगा आपको एक ऐसा ससुराल जहां एक नहीं, दो नही, बल्कि हैं सात सासें। अब देखना यह है कि इस घर में आने वाली बहु किस तरह यहां एडजस्ट कर पाएगी। सीरियल के प्रोमो में कई जाने माने चेहरे दिखते हैं, लेकिन जो सबसे प्रभावी चेहरा है, वह हैं फरीदा जलाल।
फिल्मों और धारावाहिकों में अपनी चुलबुली व संवेदनशील भूमिकाओं के लिए जानी जाने वाली फरीदा जलाल छोटे पर्दे पर एक बार फिर दादी मां की भूमिका में नजर आएंगी। लेकिन फरीदा जलाल के अनुसार यह भूमिका अब तक निभाई भूमिकाओं से काफी अलग है। पूर्व में वह 'देख भाई देख' में प्यारी भाभी, 'शरारत' में चुलबुली नानी और 'बालिका वधू' में भी दादी के रोल कर चुकीं हैं।
सतरंगी ससुराल पर फरीदा जलाल का कहना है कि, 'इस धारावाहिक का विषय काफी अलग और अनूठा है। मैं इसमें परिवार की मुखिया की भूमिका में हूं और यह मेरे द्वारा निभाए गए अब तक के किरदारों से अलग है। और यह करने में मुझे काफी मजा आ रहा है।'
साथ ही उन्होंने कहा, "धारावाहिक का नाम 'सतरंगी..' इसलिए रखा गया है क्योंकि इसमें हर पात्र का अपना एक रंग और धर्म है।" बहरहाल, जी टीवी पर इस समय कुमकुम भाग्य, जमाई राजा जैसे काफी हिट सीरियल्स चल रहे हैं। ऐसे में उम्मीद है कि सतरंगी ससुराल भी लोगों को काफी पसंद आएगा।


Click it and Unblock the Notifications












