फ्लॉप फिल्मों से नहीं ली सीख, फिर एक्शन फिल्म करेंगी सोनाक्षी!
आर राजकुमार, तेवर, एक्शन जैक्सन जैसी फ्लॉप एक्शन फिल्मों के बाद भी सोनाक्षी सिन्हा फिल्मों के चुनाव में कोई बदलाव करती नहीं दिख रही हैं। आपको बता दें, दबंग गर्ल एक बार फिर सिल्वर स्क्रीन पर जोरदार एक्शन करती नजर आयेंगी। सोनाक्षी इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रही हैं।
यह फिल्म एक हाई एक्शन ड्रामा होगी और इसके लिए वे काफी बेताब हैं। खबरों की मानें तो, एआर मुरूगादास और एक्शन निर्देशक अनल अरासु के इस प्रोजेक्ट में सोनाक्षी भी अहम हिस्सा होंगी। आपको बता दें, यह चौथा मौका होगा जब वो अनल के साथ काम करेंगी। इससे पहले सोनाक्षी फिल्म 'दबंग 2', 'राउडी' और 'हॉलीडे' में अनल के साथ काम कर चुकी हैं।
वहीं, अनल इससे पहले तेलुगु, तमिल और हिंदी फिल्मों में बेहतरीन एक्शन दृश्यों का निर्देशन भी कर चुके हैं। यह बात दीगर है कि सोनाक्षी की फिल्मों में अब तक सिर्फ हीरो ही एक्शन करते दिखते थे, जबकि सोनाक्षी सीधी साधी लड़की बनती थीं। लेकिन यह फिल्म महिला केन्द्रित होगी जिसमें सोनाक्षी जोरदार एक्शन करती नजर आयेंगी।
गौरतलब है कि, यह फिल्म मार्च में फ्लोर पर आएगी। सोनाक्षी ने कहा कि यह पहला मौका होगा जब मैं पूरी तरह से एक्शन करते नजर आउंगी। मैंने इससे पहले भी अनल सर के साथ काम किया है लेकिन उस दौरान उन्होंने सलमान खान और अक्षय कुमार के लिए एक्शन सीन तैयार किए थे। इस बार मौका मेरे पास होगा। बहरहाल, उम्मीद है कि सोनाक्षी इस फिल्म से खुद को साबित कर पाएं।


Click it and Unblock the Notifications













