शाहरुख हुए दुखी कहा, मैं अब कुछ नहीं कहूंगा!
शाहरुख ने आज सुबह ही अपने ट्विटर अकाउंट पर भी इसी संदर्भ में लिखा "दुख की बात है, मैंने नेट पर बहुत सारे जजमेंट, धार्मिक कट्टरता आदि पढ़ा, और मैं ये सोचता था कि ये प्लेटफॉर्म लोगों की संकुचित मानसिकता को बदलेगा। लेकिन नहीं।" शाहरुख खान ने मीडिया से ये भी कहा कि अब से वो किसी भी सियासी या मजहबी मुद्दों पर अपनी राय व्यक्त नहीं करेंगे। लेकिन सच तो ये है कि इंसान को अपनी राय जाहिर करने की आज़ादी मिलनी चाहिए। उन्होंने ये भी कहा कि अगर गंभीर मुद्दों पर बात करनी है तो लोगों को उस मद्दे से जुड़े गंभीर लोगों के पास जाना चाहिए ना कि हम कलाकारों के पास आना चाहिए। अब वो सिर्फ 100 करोड़ क्लब और अपनी फिल्मों के बारे में ही बात करेंगे।
ज्ञात हो कि शाहरुख खान ने हाल ही में आउटलुक मैगजीन को इंटरव्यू दिया था और उस इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा कि भारत में मुस्लिम लोगों को कुछ समस्याएं जरुर हैं वो पूरी तरह से सुरक्षित नहीं हैं। इसी वजह से उन पर भी लोग आरोप लगाते रहते हैं कि वो अपने देश से ज्यादा पड़ोसी देश (पाकिस्तान) के प्रति अधिक भावनाएं रखते हैं और पाकिस्तान का पक्ष लेते हैं। शाहरुख के इस बयान के बाद लश्कर चीफ हाफिज सईद ने कहा कि शाहरुख को पाकिस्तान में जाकर बस जाना चाहिए जिसपर शाहरुख ने जवाब दिया कि पाकिस्तान बेवजह मुझे नसीहत ना दे। शाहरुख ने ये भी कहा कि वो एक भारतीय हैं और हमेशा रहेंगे और वो भारत में महफूज़ हैं।


Click it and Unblock the Notifications
