शाहरूख का फिर टूटा कंधा, दो हफ्ते करेंगे बेड रेस्ट
गौरतलब है कि गुरूवार को मुंबई के एक पांच सितारा होटल में फिल्म हैप्पी न्यू ईयर की शूटिंग करते हुए शाहरूख खान चोटिल हो गये थे। उन्हें मामूली चोटें आयी थीं जिसके लिए उन्हें नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि चोट गंभीर ना होने के कारण उन्हें अस्पताल से घर भेज दिया गया था।
अपनी चोट के बारे में बात करते हुए शाहरूख ने कहा कि उन्हें अभी कुछ और जांच करानी है। शाहरुख ने ट्विटर पर प्रशंसकों को यकीन दिलाया कि वह जल्द स्वस्थ हो जाएंगे। शाहरुख ने ट्विटर पर लिखा, "कुछ जांच करानी है। इंशा अल्लाह सब ठीक हो जाएगा। शायद कुछ घाव हैं। उनको दिखाऊंगा क्योंकि वे कहते हैं कि घाव का कोई निशान नहीं होना चाहिए।"
जिसके बाद उनकी एक्सरे रिपोर्ट में कंधे की चोट निकली। मालूम हो कि पिछले साल गर्मी में शाहरूख खान के कंधे की सर्जरी हो चुकी है जिसके कारण ही उन्हें एहतियात बरतने को कहा गया है।
आपको बता दें कि फिल्म हैप्पी न्यू ईयर की निर्देशिका फराह खान है, तो फिल्म का निर्माण शाहरूख खान की कंपनी रेड चिलीज कर रही है। फिल्म में शाहरूख के अलावा दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, बोमन ईरानी अहम रोल निभा रहे हैं। फिल्म दिवाली पर यानी कि 23 अक्टूबर को रिलीज होगी।


Click it and Unblock the Notifications
