और टॉप 3 स्टेशन पर पहुंची छुक-छुक 'चेन्नई एक्सप्रेस'
और बॉक्सऑफिस पर दौड़ रही छुक-छुक चेन्नई एक्सप्रेस ने हिंदी फिल्मों के टॉप 3 पैसा कमाने वाली लिस्ट में तीसरे नंबर पर जगह बना ली है, जी हां चेन्नई एक्सप्रेस जिसके गार्ड शाहरूख खान और ड्राईवर रोहित शेट्टी हैं, ने अब तक 192.85 करोड़ कमा लिए है।
इसके साथ ही फिल्म साल 2013 की सबसे बड़ी हिट फिल्म बन गयी है। इससे पहले साल 2013 के आठ महीनों मे सबसे ज्यादा पैसा कमाने वाली फिल्म रणबीर-दीपिका की ये जवानी है दीवानी थी जिसने लगभग 188.57 करोड़ की कमाई की थी।
अब देखना दिलचस्प होगा कि शाहरूख की 'चेन्नई एक्सप्रेस' आमिर खान की फिल्म थ्री इडियट्स को पछाड़ पाती है कि नहीं जिसने बॉक्सऑफिस पर 202 करोड़ रुपये की कमाई की थी। वैसे एक बात गौर करने लायक है कि शाहरूख की 'चेन्नई एक्सप्रेस' सलमान खान की फिल्म दबंग को तो पछाड़ कर आगे निकल गयी है लेकिन अभी भी वह कुछ आंकड़ों से सलमान की ही फिल्म एक था टाइगर से पीछे हैं जिसने 198 करोड़ रुपये कमाये थे।
वैसे जिस रफ्तार से 'चेन्नई एक्सप्रेस' आगे बढ़ रही है उस हिसाब से अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म सलमान की एक था टाइगर को पछाड़ सकती है। फिलहाल आंकड़े चाहे जो भी कहे सच तो यही है कि लोग 'चेन्नई एक्सप्रेस' की यात्रा करने के लिए बुरी तरह पागल हो गये हैं।


Click it and Unblock the Notifications












