यरवाडा जेल में कुक बनें संजय दत्त?
यरवाडा जेल के कैदी नंबर 16656 यानी की संजू बाबा को क्या काम दिया जाये इस बारे में अभी भी जेल प्रशासन फैसला नहीं ले पाया है। संजय दत्त अभी भी जेल के अलग बैरक में रखे गये हैं जहां वह बेहद शांत-गंभीर और एकाकी दिखायी पड़ते हैं। सूत्रों के मुताबिक संजय दत्त जेल में किसी से भी ज्यादा बातचीत नहीं करते और ना ही ज्यादा किसी से घुलते-मिलते है।
यरवाडा जेल के कैदियों से लकड़ी का काम करवाया जाता है, उनके बनाये फर्नीचर बाजार में अच्छे दामों में बिकते हैं। इसलिए संजय को जल्द ही लकड़ी के काम में लगाया जा सकता है। पिछली बार भी संजय दत्त को लकड़ी का ही काम दिया गया था तो संजू ने लकड़ी की एक कुर्सी बनायी थी। सुनने में यह भी आ रहा है कि संजय दत्त को कुक का काम भी दिया जा सकता है, फिलहाल जेल प्रशासन ने अभी बेरोजगार संजू को कोई काम सौंपा नहीं हैं।
गौरतलब है कि 22 तारीख के तड़के संजय द्त्त को आर्थर जेल से यरवाडा जेल शिफ्ट किया गया था। संजय दत्त ने खुद कहा था कि उन्हें ऐसा लगता है कि वह मुंबई की आर्थर रोड जेल में सुरक्षित नहीं हैं इसलिए उन्हें पुणे की यरवाडा जेल भेज दिया जाये। आपको बतातें चले कि आर्थर रोड जेल में संजय दत्त को आतंकी कसाब वाले बैरक में रखा गया था जिसका कि विरोध संजय दत्त के वकील और उनके परिवार वालों ने किया था।
कोर्ट ने वकील की आपत्ति को जायज ठहराते हुए कहा था कि संजय दत्त को आंतकी कसाब के बैरक में ठहराना उचित नहीं है क्योंकि वह आतंकी नहीं है। उन्हें टाडा कोर्ट के तहत सजा नहीं मिली हैं बल्कि उन्हें आमर्स एक्ट के तहत सजा सुनायी गयी है। जिसके बाद संजय दत्त को अंडा सेल बैरक से दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया। मालूम हो कि सिने अभिनेता संजय दत्त को सुप्रीम कोर्ट ने अवैध हथियार रखने के जुर्म में पांच साल की सजा सुनायी है, जिनमे से डे़ढ़ साल की सजा वह काट चुके हैं, इसलिए अब उन्हें पूरे साढ़े तीन साल जेल में गुजारने होंगे।


Click it and Unblock the Notifications












