STAR EFFECT:संजय दत्त की जेल के रास्ते से 'घर वापसी', बिल्कुल फिल्मी ट्विस्ट
कहानी पूरी फिल्मी है। हीरो घर से निकलता है वहां जाने के लिए जहां दुख है, दर्द है। पूरा घर उदास है। हीरो सबसे गले मिलता है और निकल पड़ता है फिर उन अंधेरे रास्तों की तरफ। फिर ट्रिन ट्रिन...एक फोन और हीरो की गाड़ी बिल्कुल रोहित शेट्टी की फिल्मों वाली गाड़ी की तरह यू टर्न लेती है, बैकग्राउंड में एक गाना और फिल्म की हैप्पी एंडिंग।
ऐसा ही कुछ हुआ 8 जनवरी की शाम को। बस अंतर इतना है कि यहां हीरो सच में हीरो है और उसे सबकुछ माफ है। गैर कानूनी हथियार रखना भी। और उनके लिए हर राहत है जेल की सजा काटते हुए पार्टी करने के लिए बाहर आना भी। अरे बात हो रही है हमारे स्टार संजय दत्त की। इनके बारे में आज तक देश नहीं समझ पाया कि इन्हें जेल से छुट्टी घर जाने के लिए मिलती है या ये घर से छुट्टी लेकर जेल जाते हैं।
फर्लो के तहत मिली 14 दिनों की छुट्टी की मियाद खत्म होते ही बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त यरवदा जेल के लिए रवाना हुए, लेकिन जेल पहुंचने से पहले ही उन्हें महाराष्ट्र सरकार से राहत भरी ख़बर मिल गई, और वह घर लौट आए। महाराष्ट्र के गृह राज्यमंत्री राम शिंदे ने संजय की छुट्टी बढ़ाने की अपील पर फैसला आने तक उन्हें जेल से बाहर रहने की इजाज़त दे दी।
ALSO READ: PICS:जेल से ब्रेक, ऐसे बीती थी संजू बाबा की NEW YEAR छुट्टी
मेडिकल ग्राउंड पर अपनी छुट्टी की अवधि बढ़ाने की गुज़ारिश की थी, ऐसे में जेल प्रशासन ने मुंबई पुलिस कमिश्नर से रिपोर्ट मांगी। वह रिपोर्ट अभी जेल प्रशासन के पास नहीं पहुंच पाई है, इसलिए सरकार के मुताबिक रिपोर्ट आने और उस पर किसी तरह का फैसला होने तक संजय पर कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती।


Click it and Unblock the Notifications
