दबंग 2 : अक्षय को मात लेकिन खुद से हारे सलमान खान
शुक्रवार को सलमान खान की बहुचर्चित फिल्म 'दबंग 2' सिनेमाघरों में पहुंची, फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन जबरदस्त ओपनिंग मिली है। लेकिन पहले दिन के कलेक्शन की बात करें तो यह अच्छा तो था लेकिन जो कलेक्शन फिगर दर्ज हुआ है वो उतना बड़ा नहीं जिस पर सलमान मियां खुद इतरा सके। 'दबंग 2' के पहले दिन की कमाई 7 दिसंबर को रिलीज हुई फिल्म 'राउडी राठौर' से कहीं ज्यादा है लेकिन यह कमाई सलमान खान की इस साल की सबसे बड़ी हिट फिल्म 'एक था टाइगर' से कम है।
यही नहीं फिल्म को देखने के बाद लोगों ने मिली-जुली प्रतिक्रिया दी है। कुछ लोगों को फिल्म बहुत अच्छी लगी तो कुछ लोगों ने इस औसत करार दिया है। 'दबंग 2' की पब्लिसिटी सलमान के हिट फिल्म ' दबंग' के सीक्वेल के रूप में की गयी थी इसलिए लोगों ने इसकी तुलना 'दबंग' से ही करनी शुरू कर दी है और इस तुलना में अभी तक 'दबंग', 'दबंग 2' पर भारी पड़ी है।
मालूम हो कि 'दबंग 2' शुक्रवार को भारत के 3500 स्क्रीन पर रिलीज हुई है। जिसके लिए 100 प्रतिशत एडवांस बुकिंग हुई थी। 'दबंग 2' ने सलमान की ही मेगाहिट फिल्म 'एक था टाईगर' के ओपनिंग रिकार्ड को तो नहीं तोड़ा लेकिन फिर भी पहले दिन कमाई में सलमान ने इस साल की सारी हिट फिल्मों को छोड़ दिया है।
लोगों को फिल्म की पटकथा में काफी कमियां नजर आ रही हैं तो वहीं फिल्म को हिट कराने वाला मसाला यानी कि आयटम नंबर भी इस बार पहले वाले 'दबंग ' से फीका बताया जा रहा है। लोगों का कहना है कि करीना के 'फेविकोल' में इतना दम नहीं कि वो मुन्नी की बदनामी से आगे निकल सके और दर्शकों को सीट पर चिपके रहने को मजबूर कर सके।

Click it and Unblock the Notifications












