लोगों को रास नहीं आया चुलबुल नंबर 2
शुक्रवार को सलमान खान की बहुचर्चित फिल्म दबंग 2 सिनेमाघरों में पहुंची फिल्म को बॉक्सऑफिस पर पहले दिन जबरदस्त ओपनिंग मिली है। फिल्म समीक्षकों का कहना है कि दबंग 2 उन फिल्मों में से हैं जिसे पहले दिन ही करोड़ो की संख्या में दर्शक मिले हैं। बावजूद इसके लोगों को फिल्म उतनी रास नहीं आ रही है जैसी कि पहली वाली दबंग थी। लोगों का कहना है कि इस बार सलमान मियां एक्शन में कमाल नहीं कर पाये हैं। फिल्म ठीक है लेकिन 'दबंग' जैसी अच्छी नहीं है। फिल्म पहले पार्ट का सीक्वेल है तो जाहिर है कि तुलना होना लाजिमी है इसलिए लोगों ने पहले पार्ट से फिल्म की तुलना की है और उन्हें निराशा हाथ लगी है।
पहले सफल मीडियाकर्मी लेकिन मौजूदा दौर में बैंककर्मी शिवदीप पांडे ने अपने फेसबुल वॉल पर फिल्म देखने के बाद प्रतिक्रिया लिखी है कि उन्हें दबंग 2 ने निराश किया है। फिल्म की पटकथा काफी कमजोर है। फिल्म के संवाद पहले जितने अच्छे नहीं है और ना ही फेविकोल ने मुन्नी की जगह ली है, कुल मिलाकर दबंग 2 निराश करती है। ऐसी ही प्रतिक्रिया दिल्ली के रविकिशोर, सुजाता मेहता ने भी दी है।
आपको बता दें कि 'दबंग 2' शुक्रवार को भारत के 3500 स्क्रीन पर रिलीज हुई है। जिसके लिए 100 प्रतिशत एडवांस बुकिंग हुई थी। उत्तर भारत के तो कई इलाकों में सलमान के चाहने वालों को निराश होना पड़ा क्योंकि उन्हें एडवांस बुकिंग के कारण पहले दिन के शो का टिकट नहीं मिल पाया था। हालांकि 'दबंग 2' ने सलमान की ही मेगाहिट फिल्म 'एक था टाईगर' के ओपनिंग रिकार्ड को तो नहीं तोड़ा लेकिन फिर भी पहले दिन कमाई में सलमान ने इस साल की सारी हिट फिल्मों को छोड़ दिया है।



Click it and Unblock the Notifications











