क्या 365 DAYS से वापस लौटेगा 'रंगीला' वाले रामू का जादू?
रामगोपाल वर्मा अब क्या करते हैं, ट्वीट करने के अलावा ये शायद ही किसी को पता हो। इस बात को जानने में वैसे भी ज़्यादा लोगों की दिलचस्पी नहीं होगी लेकिन फिर भी रामगोपाल वर्मा एक टैलेंटेड डायरेक्टर थे जिन्होंने हमें सत्या, कंपनी, रंगीला, सरकार जैसी फिल्में दी हैं। इसलिए उनका नाम सुनते ही आशा की एक छोटी सी किरण जागती ज़रूर है कि क्या पता इस बार वो कोई सरप्राइज़ दे दे।
ऐसा ही एक सरप्राइज़ है रामू का रोमांटिक अवतार। वो भी उर्मिला मातोंडकर और आमिर खान की रंगीला वाला। दरअसल, रामगोपाल वर्मा 365 डेज़ नाम की एक फिल्म से वापसी कर रहे हैं। इस फिल्म की खासियत ये है कि फिल्म एक लव स्टोरी है। हालांकि फिल्म तेलुगु है पर इसे हिंदी में भी रिलीज़ किया जाएगा।
इस फिल्म से रामू काफी समय बाद रोमांटिक फिल्मों में वापसी कर रहे हैं। वरना वो केवल सस्पेंस, थ्रिलर और हॉरर के लिए जाने जाते हैं। 365 Days के मुख्य कलाकार ने एक इंटरव्यू में बताया कि यह फिल्म रोमांस शैली की फिल्मों में रामू सर की वापसी का प्रतीक है।
रंगीला के बाद यह रामू की पहली संगीतमय रोमांटिक फिल्म है। उन्होंने फिल्म पर करीब चार करोड़ रुपये व एक गाने पर 35 लाख रुपये खर्च किये हैं। देखते हैं कि रामगोपाल वर्मा क्या वाकई रंगीला वाला जादू फिर से दोहरा पाते हैं या नहीं।


Click it and Unblock the Notifications
