'दबंग' में असली दबंग दिखे सलमान खान
सलमान खान देखने में जितने कठोर लगते हैं, अंदर से वो उतने ही नर्म हैं। सल्लू भाई का नम्र व्यवहार ही है, जो लोगों को उनकी ओर खींचता है। ट्विटर पर फॉलोवर्स की संख्या का रिकॉर्ड कायम करने वाले सलमान खान 'वीर' में भले ही वीर नहीं दिखे, लेकिन 'दबंग' में वो जरूर दबंग दिखे।
दबंग में एक पुलिसवाले के रूप में उनकी दबंगई वाकई काबिल-ए-तारीफ है। पुलिस इंस्पेक्टर चुलबुल पाण्डेय के किरदार में वो एकदम फिट बैठे हैं। यदि आप यह सोच रहे हैं कि इस फिल्म में सलमान खान 'वॉन्टेड' फिल्म के इंस्पेक्टर के जैसे दिखेंगे, तो आप गलत हैं। यह फिल्म वॉन्टेड से एकदम अलग है। यदि आप 'तेरे नाम' के राधे मोहन को वर्दी पहनाकर उसका हेयर स्टाइल बदल दें, तो शायद आपको चुलबुल पांडेय नजर आ जाएगा। जाहिर है, राधे मोहन की तरह चुलबुल पांडेय को भी आप जल्दी भुला नहीं पाएंगे।
पढ़ें: दबंग की फिल्म समीक्षा
फिल्म के सभी डायलॉग व ऐक्शन सीन सलमान ने बखूबी निभाए हैं। खास बात यह है कि रोमांटिक भूमिका में भी सलमान ने सभी का दिल जीत लेने वाला काम किया है। सही मायने में देखा जाए तो सलमान ने उत्तर प्रदेश के दबंग पुलिस वालों की असली तस्वीर पेश की है। हां यह जरूर है कि असली पुलिसवालों में रोमांटिक सीन शायद ही किसी को दिखते हों, लेकिन फिल्म में मसाला भरने के लिए यहां रोमांस को जोड़ दिया गया है।
रोमांस की बात आ ही गई है, तो मुंबई की मॉडर्न गर्ल सोनाक्षी सिन्हा ने गांव की राजो का किरदार बखूबी निभाया है। कई बार अपने अभिनय का लोहा मनवा चुकीं डिंपल कपाडि़या और विनोद खन्ना की ऐक्टिंग हर बार की तरह दबंग में भी बेमिसाल है। यह फिल्म सोनू सूद के कॅरियर के लिए काफी अहम साबित हो सकती है। फिल्म में एक क्षेत्रीय नेता के रोल में उन्हों ने बेहतरीन अभिनय प्रस्तुत किया है।
कुल मिलाकर दबंग में हर व्यक्ति ने अपने किरदारों को बेहतरीन ढंग से निभाया है। निर्देशक अभिनव कश्यम और सलमान की टीम इस बार बॉक्स ऑफिस पर कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ने के लिए पर्दे पर आ चुकी है। आप भी इस रोमांटिक ऐक्शन फिल्म को मिस मत करें। यह फिल्म आपको सलमान का दीवाना जरूर बना देगी।


Click it and Unblock the Notifications











