मेरे अलावा कोई और मोदी नहीं बन सकता: परेश रावल
हिंदी सिनेमा के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक हैं परेश रावल जो कि अपनी आने वाली बेनाम फिल्म में पीएम मोदी का किरदार निभाने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीवनी पर बनने जा रही फिल्म की शूटिंग बहुत जल्द वो शुरू करेंगे। परेश ने कहा कि मोदी का किरदार निभाने के लिए वह बिल्कुल सटीक अभिनेता हैं।
परेश ने कहा, "मैं फिल्म को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हूं और मेरे अलावा कोई और नरेंद्र मोदी का किरदार निभा नहीं सकता था। वह एक अलग ही तरह की शख्सियत के मालिक हैं और मैं उनका किरदार निभाने के लिए बेहद उत्साहित हूं। अभी फिल्म के बारे ज्यादा खुलासा करने की अनुमति मुझे नहीं है, लेकिन मैं जल्द ही शूटिंग शुरू करने वाला हूं।"
मालूम हो कि निजी जिंदगी में भी परेश रावल पीएम मोदी के बेहद करीब हैं। वो गुजरात से सांसद भी हैं और मोदी की गुड लिस्ट में गिने जाते हैं।
हालांकि यह और बात है कि चुनाव जीतने के बाद उनके ऊपर कुछ लोगों ने मौकापरस्त होने का आरोप लगाया है और कहा है कि चुनाव जीतने के बाद परेश रावल अपने संसदीय क्षेत्र में दिखायी नहीं दिये लेकिन परेश रावल ने इन सारी बातों को अनदेखा कर दिया है और मजे से वो अपनी फिल्मी लाइफ और राजनैतिक जीवन का लुत्फ उठा रहे हैं।
मेरे अलावा कोई और मोदी नहीं बन सकता..
इस बीच, शुक्रवार को परेश की फिल्म 'राजा नटवरलाल' प्रदर्शित हुई है। निर्देशक कुणाल देशमुख की फिल्म में अभिनेता इमरान हाशमी और अभिनेत्री हुमैमा मलिक मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म को धीमी शुरूआत मिली है लेकिन लोगों और समीक्षकों ने परेश रावल के अभिनय की तारीफ की है।


Click it and Unblock the Notifications












