अमिताभ के हाथों खुलेगा दिलीप-मधुबाला की मोहब्बत का राज?
शायद इस सवाल का जवाब 09 जून को मिल जाये क्योंकि इस दिन दिलीप कुमार की बायोग्राफी रिलीज हो सकती है। खबर है कि शुभ काम सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के हाथों हो सकता है। दिलीप कुमार की जीवनी को कलमबद्ध किया है उनके पारिवारिक मित्र उदय तारा नायर ने। ऐसा सुनने में आया है कि दिलीप कुमार की जीवन पर आधारित किताब 'सबस्टेंस एंड द शेडो' को अमिताभ बच्चन रिलीज करेंगे।
मालूम हो कि दो भागों में लिखी गई यह किताब दिलीप कुमार के नौ दशक लंबे फिल्मी करियर, सायरा बानो के साथ उनके प्रेम संबंधों, जीवन के कुछ अनछुए पहलुओं पर आधारित है। किताब में दिलीप और उनके परिवार की कुछ दुर्लभ तस्वीरें भी हैं।
इस किताब के प्रति लोगों की दिलचस्पी इसलिए है क्योंकि लोगों का लगता है कि यही वह किताब है जिसमें लोगों को उस सवाल का जवाब मिलेगा जो कि अरसे से खोज रहे हैं। और वह सवाल यह है कि बॉलीवुड बेपनाह सुंदरता की मालकिन मधुबाला से लंबे समय तक इश्क फरमाने वाले यूसूफ साहब ने उनसे शादी क्यों नहीं की और अचानक से अपने से काफी उम्र में छोटी सायरा बानों को अपनी बेगम क्यों बनाया?
बताते चलें कि दिलीप कुमार के जीवन पर पहले ही विनीता लांबा, संजीत नावरेकर और लॉर्ड मेघनाद देसाई की किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं।


Click it and Unblock the Notifications












