जिया खान सुसाइड केस: पुलिस अभिनेता आदित्य पंचोली के बेटे से करेगी पूछ-ताछ
आज बॉलीवुड अभिनेत्री जिया खान की मौत की खबर से पूरे भारत में सनसनी फैली हुई है। फौरी तौर पर घटना का कारण अभी डिप्रेशन ही बताया जा रहा है लेकिन पुलिस को जिया के घर से एक भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। बताया जा रहा है कि सोमवार को रात 11 बजे पुलिस ने जिया का शव उसके घर से बरामद किया है। जिस समय जिया ने खुद को फांसी लगायी उस समय वह घर में अकेली थी।
उसकी मां और बहन दोनों ही घर से बाहर गये थे और करीब 11 बजे वह घर आये तो उन्होंने जिया को पंखे से लटकता हुआ पाया। जिया ने अपने ही दुपट्टे से खुद को फांसी लगायी है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है लेकिन पुलिस इस सिलसिले में कई लोगों से पूछताछ भी कर रही है।
वैसे जिया की मौत की खबर के बाद ही अभिनेता आदित्य पंचोली और बिग बॉस 6 विनर उर्वशी ढोलकिया ही जिया के घर पर बॉलीवुड की ओर से सबसे पहले पहुंचे थे। कहा जा रहा है कि जिया और उनका परिवार दोनों ही इन दोनों के काफी करीब है।
वैसे पुलिस जिया के घर पर काम करने वाली नौकरानी और आने-जाने वाले लोगों से भी पूछताछ करने वाली है। जैसे ही जिया की मां सदमे से बाहर आती हैं, वैसे ही उनसे और उनकी बहन से भी इस मामले में पूछ-ताछ होगी। वैसे जिया का अकस्मात जाना हर किसी अखर रहा है। आस-पास के लोगों की माने तो जिया को पिछले तीन साल से कोई काम नहीं मिला था जिसके कारण वह काफी हताश महसूस करती थी, इसलिए लोग कह रहे हैं कि यह एक बड़ा कारण हो सकता है उनकी खुदकुशी का।


Click it and Unblock the Notifications
