जिया खान खुदकुशी केस: सूरज पंचोली गिरफ्तार
आखिरकार वो ही हुआ जिसका अंदेशा था। मुंबई पुलिस ने सोमवार शाम को अभिनेता आदित्य पंचोली के बेटे सूरज पंचोली को जिया खान को आत्महत्या के लिए उकसाने के लिए गिरफ्तार कर लिया है। कल उन्हें कोर्ट में पेश किया जायेगा। उनके ऊपर दफा 306 लगायी गयी है।
जिया की मौत के बाद जिया की मां राबिया खान ने सूरज पर जिया को धोखा देने का आरोप लगाया है। वैसे मरने से पहले जिया ने सूरज से ही आखिरी बार बात की थी। जिया के सुसाइड लेटर में भी एक व्यक्ति का जिक्र है, जिसने जिया को प्यार में धोखा दिया था हालांकि जिया के लेटर में सूरज का नाम नहीं लिखा है लेकिन फिर भी शक सूरज पंचोली पर ही जाता है।
हालांकि सूरज पंचोली से पुलिस जिया की खुदकुशी के चक्कर लंबी पूछताछ कर चुकी है। जिया के जनाजे में भी सूरज पंचोली पहुंचे थे जहां वह जिया की लाश को देखकर फफक फफक कर रो पड़े थे। कहा जा रहा है कि जिया को शक था कि सूरज का नीलू नाम की किसी महिला से अफेयर चल रहा था जिसके कारण ही जिया और सूरज में अनबन चल रही थी।
गौरतलब है कि जिया खान ने अपने घर में ही फांसी लगा ली थी। पहले तो उनके घरवालों ने कहा कि जिया का करियर ठीक नहीं चल रहा था जिसके कारण वह काफी डिप्रेशन में थी इसलिए उसने मौत को गले लगाया था। लेकिन बाद में जिया के प्रेम संबंध की बात सामने आयी और कहा जाने लगा कि जिया को प्रेम में बेवफाई मिली थी जिसकी वजह से उसने खुद को खत्म कर दिया।


Click it and Unblock the Notifications
