मां की एहसानमंद हूं : नीतू चंद्रा
चेन्नई, 8 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेत्री नीतू चंद्रा ने कहा है कि यदि उनकी मां उनके साथ न होतीं तो उनके लिए जीवन बहुत कठिन होता। वह अपनी सफलता के लिए अपनी मां की एहसानमंद हैं। यही वजह है कि वह शुक्रवार को महिला दिवस के अवसर पर अपनी मां को खास तवज्जो देना चाहती हैं।
नीतू ने आईएएनएस से कहा, "मैं अपनी सफलता के लिए अपनी मां की एहसानमंद हूं। उनके बिना इस दुनिया के दरवाजे मेरे लिए बंद होते। मेरी कुछ अन्य महिला मित्रों के साथ उनके लिए इस दिन को खास बनाने की योजना है। मुझे लगता है कि इसका महिलाओं के लिए खास महत्व है और हम सब हमारे परिवारों, कार्यस्थलों व समाज की रीढ़ हैं।"जब उनसे पूछा गया कि क्या वह महिला दिवस में यकीन करती हैं। इस पर उन्होंने कहा, "यह बहुत अच्छी बात है कि हमारे पास स्त्रीत्व का जश्न मनाने के लिए एक खास दिन है लेकिन साथ ही मुझे लगता है कि हमें सालभर स्त्रीत्व की खुशी मनानी चाहिए। महिलाओं ने हमारे देश में एक लंबा सफर तय किया है और आज अभिभावकों को अपनी बेटियों पर गर्व है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications












