मुझे अपनी फिल्मों का प्रमोशन करना पसंद नहीं: सलमान खान
नई दिल्ली। एक के बाद एक कई सफल फिल्में देने वाले दबंग सलमान खान का कहना है कि उन्हें अपनी फिल्मों का प्रमोशन करना पसंद नहीं है क्योंकि इसके लिए कई शहरों में घूमना होता है साथ ही बहुत सारे लोगों से मिलना होता है, जो कि बेहद थकाने वाला होता है। अपने एनजीओ बीइंग ह्रयूमन के कोका कोला के साथ टाई अप के लिये आयोजित समारोह में सलमान ने कहा कि मुझे वो दिन याद है जब फिल्म की शूटिंग पूरी होते ही फुर्सत मिल जाती थी। फिल्म का सारा का सारा प्रमोशन सिर्फ पोस्टर के द्वारा होता था।
सलमान का कहना है कि अब फिल्म प्रोड्यूसर काफी कंजूस हो गये हैं वह अधिक से अधिक लाभ कमाने के लिए कई अलग-अलग ब्रांड्स के साथ टाईअप करते हैं, जिसके प्रमोशन की जिम्मेदारी हम सब पर होती है हमारा मकसद होता है कि फिल्म के बारे में ज्यादा लोग जान सकें। एक के बाद एक कई सुपर हिट फिल्में देने वाले सलमान की गिनती बॉलीवुड के सबसे सफल अभिनेताओं में होती है।
फिल्मों से इतर सलमान ने अपने एनजीओ के बारे में बताया कि हमारी कोशिश है कि इसके द्वारा दूर दराज गांवों में रहने वाले युवाओं को रोजगार मिल सके और बच्चों को शिक्षा दी जा सके क्योंकि शिक्षा और रोजगार इंसान के लिए बेहद आवश्यक होते हैं। सलमान का कहना है कि यह एनजीओ खोलने की सलाह उन्हें उनके माता-पिता ने दी थी , मैं इसका हिस्सा बनकर खुशी महसूस करता हूं। यह पूछने पर कि वह अपने बिजी शूटिंग के शेड्यूल से 'एनजीओ' के लिए वक्त कैसे निकालते हैं? इसका जवाब मजाकिया अंदाज में देते हुए सलमान ने कहा कि मैं शूटिंग के लिए सेट पर देर से जाता हूं।
साल 2012 सलमान के लिए काफी अच्छा रहा, उनकी दोनों फिल्में 'एक था टाईगर' और दबंग 2' सुपर हिट रही थी। सलमान बॉक्स आफिस पर फिल्मों की सफलता की गारंटी माने जाते हैं। उनकी दबंग, रेडी, बॉडीगार्ड, एक था टाईगर और दबंग 2 सभी फिल्मों ने सौ करोड़ से अधिक का व्यवसाय किया है।


Click it and Unblock the Notifications












