'आमिर, सलमान, शाहरूख की तस्वीरों को होली पर जला दें'
'लव-जिहाद' और बॉलीवुड में भले ही कोई संबंध न हो, लेकिन राजनीतिक पार्टियां इस मामले में बार बार बॉलीवुड को घसीट रहे हैं। कभी करीना कपूर तो कभी शाहरूख खान, धर्म के नाम पर इन पर जम कर निशाना साधा जा रहा है। अभी करीना कपूर की मार्फ तस्वीर वाली घटना पर विवाद थमा भी नहीं है कि एक बार फिर भाजपा नेता साध्वी प्राची ने विवादित बयान दे दिया है।

विश्व हिंदू परिषद के नेता प्रवीण तोगड़िया के बाद अब साध्वी प्राची ने धर्मांतरण और लव जिहाद के मुद्दे को बॉलीवुड से जोड़ दिया है। लेकिन इस बार निशाना करीना नहीं, बल्कि बॉलीवुड की खान तिकड़ी है। रविवार को विहिप की सभा में साध्वी प्राची ने कहा कि शाहरुख, आमिर और सलमान खान लव जिहाद के लिए जिम्मेदार हैं। लिहाजा, हिंदूओं को इनकी फिल्में नहीं देखनी चाहिए।
साध्वी प्राची ने इस बाबत हिंदुओं से अपील करते हुए कहा है कि वह आमिर, सलमान और शाहरुख खान की फिल्में न देंखे और साथ उनकी तस्वीरों को अपने घरों में न लगाएं। इतना ही नहीं, बल्कि उन्होंने यहां तक कह डाला कि 'इन तीन खानों की फिल्मों से हमारे बच्चों को समुचित संस्कार नहीं मिलता। इसीलिए तीनों खानों की तस्वीरें उतारकर होली जला दो।'
पढ़ें- 'लव-जिहाद' मामले में करीना को मिली धमकी
इसके बाद साध्वी प्राची ने मदर टेरेसा को लेकर मोहन भागवत के विवादित बयान का साथ दिया। और कहा कि, मदर टेरेसा ने हिंदुओं का धर्मांतरण करवाकर ईसाई बनाया था।
बहरहाल, यह पहली बार नहीं है जब बॉलीवुड को धर्मांतरण और लव- जिहाद से जोड़कर देखा जा रहा है। ये कहां तक सही है, इस पर टिप्पणी नहीं की सकती। लेकिन इतना जरूर है कि साध्वी प्राची का यह बयान लाखों युवाओं और फिल्म प्रेमियों को बिल्कुल पसंद नहीं आएगा।


Click it and Unblock the Notifications














