दिल वालों की नगरी में रिलीज होगा PK का पहला गाना 'ठरकी छोकरो'
आमिर खान की बहु- प्रतीक्षित फिल्म पीके का पहला गाना रिलीज होने को तैयार है। फिल्म के निर्देशक राजकुमार हिरानी ने पीके का पहला गाना 'ठरकी छोकरो' दिल्ली में रिलीज करने का मन बनाया है। गौरतलब है कि, फिल्म की ज्यादातर शूटिंग दिल्ली में की गई है। लिहाजा, गाना 'ठरकी छोकरो' के लॉन्च के लिए आमिर खान सहित फिल्म की पूरी टीम दिल्ली में मौजूद रहेगी।
फिल्म पीके का टीजर पहले ही जारी किया जा चुका है। और यह काफी पॉपुलर भी हो रहा है। यूट्यूब पर इसे हिट्स पर हिट्स मिल रहे हैं तो दूसरी ओर लोग इसे जमकर शेयर भी कर रहे हैं। आपको बता दें, पीके में आमिर खान समेत, अनुष्का शर्मा, सुशांत सिंह राजपूत और संजय दत्त भी मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे।
गाने की बात की जाए तो, इस गाने में संजय, आमिर खान को 'ठर्की छोकरा' कहकर बुलाते नजर आएंगे। राजकुमार ने गाने को राजस्थानी रंग देने के लिए राजस्थानी गायक स्वरूप खान से यह गीत गवाया है। फिल्म के प्रवक्ता ने कहा, दिल्ली में फिल्म की शूटिंग के दौरान पूरी टीम ने वहां बहुत मस्ती की थी और इसलिए राजकुमार यह गाना दिल्ली में जारी करना चाहते थे।
फिल्म पीके 18 दिसंबर को रिलीज होगी, लेकिन फिलहाल तो हमें इसके पहले गाने का बेसब्री से इंतजार है।


Click it and Unblock the Notifications
