ICU से बाहर आये दिलीप कुमार लेकिन अब भी अस्पताल में
पिछले रविवार से लीलावती अस्पताल में भर्ती दिलीप कुमार को रविवार को आईसीयू से बाहर लाया गया है। दिलीप कुमार के बारे में जानकारी मुर्शीद खान ने मीडिया को दी जो कि दिलीप कुमार की पत्नी एवं मशहूर अभिनेत्री सायरा बानो के मैनेजर हैं।
मुर्शीद खान ने कहा कि, "दिलीप अब पूरी तरह स्वस्थ हैं। अब वह काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं। उन्हें गहन चिकित्सा कक्ष से सामान्य वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया है। पूरी संभावना है कि अगले तीन दिनों में उन्हें अस्पातल से छुट्टी मिल जाएगी।"
उन्हें पिछले रविवार को दिल का दौड़ा पड़ा था। इसे चिकित्सा विज्ञान में मायोकार्डियल इनफार्कशन कहते हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।"हृदय रोग विशेषज्ञ डा. नितिन गोखले उनकी देखभाल कर रहे हैं।
पाकिस्तान में जन्में दिलीप कुमार का असली नाम मोहम्मद यूसुफ खान है। उन्होंने हिंदी फिल्म उद्योग में छह दशक तक काम किया। उनकी कुछ प्रमुख फिल्मों में 'मधुमति', 'देवदास' 'राम और श्याम', 'विधाता' और 'कर्मा' शामिल हैं। दिलीप को 1991 में पद्मभूषण और 1994 में दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। 1998 में उन्हें पाकिस्तान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'निशान-ए-पाकिस्तान' से भी नवाजा गया। 1998 में उन्होंने अपनी आखिरी फिल्म 'किला' में अभिनय किया था।


Click it and Unblock the Notifications












