दिलीप साहब की जीवनी से होगा सच का सामना!
इसका जवाब हर कोई खोज रहा है, आखिर वह क्या कारण रहा जिसकी वजह से 11 साल तक मधुबाला से बेपनाह प्यार करने वाले दिलीप कुमार ने उनसे बेवफाई निभायी और अपने से आधी उम्र की लड़की सायरा बानो को अपनी बेगम बनने का अधिकार दिया। फिल्मी गलियारों में चर्चा है कि मधुबाला को दिल की बीमारी थी, उनके हार्ट में छेद था जिसकी वजह से वह मां नहीं बन पाती, जिसके कारण दिलीप कुमार ने मधुबाला की पाक मुहब्बत को ठुकरा दिया लेकिन यह औऱ बात है कि दिलीप-सायरा को भी कोई संतान नहीं है।
इन्ही सारे सवालों का जवाब शायद अब आपको दिलीप साहब की जीवनी में मिल सकता है जिसे लिखा है दिलीप साहब और उनके परिवार की बेहद करीबी मित्र लेखिका उदय तारा नायर ने। जिनका कहना है कि इस किताब में आपको दिलीप कुमार के जीवन के सारे अनछूए पहलुओं के जवाब मिलेंगे और वो तस्वीरें भी दिखायी पड़ेंगी जिनको लोगों ने आज तक नहीं देखा है। उदय तारा की यह किताब इसी महीने में रिलीज होने की उम्मीद है। देखते हैं कि इस जीवनी से कितने सच उजागर होते हैं।
नायर से यह पूछे जाने पर कि क्या दिलीप और उनकी पत्नी सायरा बानो की शादी की सालगिरह पर 11 अक्टूबर को किताब जारी करने की योजना है, उन्होंने कहा, "नहीं, इतनी जल्दी नहीं, अभी किताब पूरी नहीं हुई है। शायद अक्टूबर के अंत तक यह जारी हो। हम किसी बड़ी हस्ती के हाथों से इसे जारी करवाना चाहते हैं। फिलहाल हम दिलीप साहब के पूरी तरह से ठीक होने का इंतजार कर रहे क्योंकि हम चाहते हैं कि दिलीप साहब किताब की रिलीज के वक्त मौजूद हों। गौरतलब है कि दिलीप कुमार को बीते दिनों दिल का दौरा पड़ा था जिसकी वजह से वह कई दिनों तक लीलावती अस्पताल में भर्ती थे, फिलहाल वह अब घर पर हैं और पहले से ठीक हैं।


Click it and Unblock the Notifications












