धनुष इज 'स्क्रीन फ्रेंडली' : फराह खान
बॉलीवुड कोरियोग्राफर-निर्देशिका फराह खान तमिल फिल्मों के अभिनेता धनुष के अभिनय से बेहद प्रभावित हैं। धनुष आने वाली फिल्म 'रांझणा' से बॉलीवुड में कदम रखने जा रहे हैं। फराह कहती हैं कि धनुष 'स्क्रीन फ्रेंडली' अभिनेता हैं।
फराह ने ट्विटर पर लिखा, "मुझे लगता है कि धनुष आज के समय के सबसे आकर्षक, दिलकश और स्क्रीन पर बिल्कुल सहज दिखने वाले अभिनेता हैं। धनुष पर्दे पर भी वैसे ही लगते हैं जैसे वह वास्तव में हैं और यही तो कमाल की बात है।"
गौरतलब है कि कुछ इस तरह की बातें अभिनेत्री सोनम कपूर ने भी कही थीं, सोनम ने कहा था कि उनका रीयल हीरो भी धनुष की तरह होना चाहिए। धनुष एक बेहद ही सीधे-सादे, सरल और ईमानदार इंसान हैं जिनकी जितनी तारीफ की जाये, वह कम ही है।
मालूम हो कि एक हिंदू लड़के और एक मुस्लिम लड़की के बीच प्रेम की कहानी पर आधारित इस फिल्म का निर्देशन आनंद एल. राय ने किया है।कोलावरी डी.. सांग से सबके दिलों में जगह बनाने वाले धनुष की राझणां पहली हिंदी फिल्म हैं. जिसमें उनके साथ अभय देओल भी हैं। फिल्म में संगीत ए आर रहमान है। फिल्म जून में रिलीज हो रही है।


Click it and Unblock the Notifications
