और सुपूर्द ए खाक हो गयीं जिया उर्फ नफीसा खान
और वह प्रक्रिया भी खत्म हो गयी जिसे लोग अंतिम संस्कार कहते हैं। अब से थोड़ी देर पहले जिया खान को जूहू के कब्रिस्तान में सुपूर्द ए खाक कर दिया गया है। इस मौके पर जिया के घरवालों के अलावा कई फिल्मी हस्तियां भी मौजूद थीं। इस मौके पर अभिनेता आदित्य पंचोली और उनका बेटा सूरज पंचोली भी मौके पर पहुंचे थे। कहा जा रहा है जिया की लाश को देखकर सूरज अपने आप को रोक नहीं पाये और फफक-फफक कर रो पड़े।
खैर जिया आज पूरी तरह से दुनिया से रूखसत हो गयी है लेकिन अपने पीछे छोड़ गयी है बहुत सारे सवाल जिनके जवाब शायद किसी के पास नहीं होंगे। मालूम हो जिया खान ने सोमवार रात 11 बजे अपने ही घर में फांसी लगा ली थी।
जिया खान का असली नाम नफीसा खान था, जिन्होंने फिल्मों में भले ही कुछ खास नहीं किया हो लेकिन मॉडलिंग की दुनिया में वो एक जाना-पहचाना चेहरा था। रामगोपाल वर्मा की निशब्द फिल्म से अपने अभिनय की पारी शुरू करने वाली सेक्सी अभिनेत्री जिया खान पिछले काफी समय से डिप्रेशन में थीं। जिया खान जूहू में अपनी मां के साथ सागर संगीत अपार्टमेंट के फ्लैट नं. 102 में रहती थी। जिया महज 25 साल की थीं।
मालूम हो कि जिया ने पिछले पांच साल में नामी-गिरामी एक्टरों के साथ मात्र तीन फिल्मों में काम किया था। उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरूआत रामगोपाल वर्मा की फिल्म निशब्द से की थी। फिल्म में उनके हीरो अमिताभ बच्चन थे। हालांकि फिल्म फ्लॉप थी। उसके बाद वह फिल्म गजनी में आमिर खान के साथ और हाउसफुल में अक्षय कुमार के साथ नजर आयी थीं हालांकि फिल्म में उनके रोल काफी छोटे थे लेकिन फिर भी जिया खान अपने करियर में इन दोनों फिल्मों को अहम मानती थी।


Click it and Unblock the Notifications
