शूटिंग फ्लोर से संसद पहुंच गयीं रेखा...लेकिन आज भी तन्हा..
अपनी जिंदगी में कई बार लोगों के प्यार में गिरफ्तार हुई रेखा की जिंदगी में आज भी किसी के प्यार और साथ की कमी है जिसके बारे में ना तो रेखा कभी बात करती हैं औऱ ना कोई टिप्पणी, इसलिए बॉलीवुड की चंचल, शोख रेखा आज हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी पहेली बन चुकी है।
महबूब खान के बेटे शाजिद खान, नवीन निश्चल, किरण कुमार, विनोद मेहरा, अमिताभ बच्चन, जितेन्द्र औऱ मुकेश कुमार के साथ नाम जुड़ने के बावजूद रेखा की जिंदगी के कई पन्ने ऐसे हैं जो कि शायद अभी तक खुले नहीं हैं। रेखा औऱ अमिताभ बच्चन के किस्से तो आज तक फिल्मी गलियारों में होते रहते हैं लेकिन ना तो रेखा को इस बात की चिंता है औऱ ना ही कभी वह खुलकर इसके बारे में बोलती हैं।
खबर तो यह भी थी कि रेखा ने विनोद मेहरा से शादी तक की है लेकिन मेहरा ने खुद अपनी शादी की बात कभी नहीं स्वीकारी। अमिताभ बच्चन के साथ रेखा की प्रेम कहानी तो
आज भी बहुत बड़ी पहेली ही है। कहा जाता है कि 1981 में बनी फिल्म 'सिलसिला' रेखा और जया भादुड़ी (बच्चन) के प्रेम के बीच बंटे अमिताभ की वास्तविक जिंदगी की सच्चाई पर आधारित थी। फिल्म बहुत सफल नहीं रही, बल्कि यह फिल्म रेखा-अमिताभ की जोड़ी वाली आखिरी फिल्म साबित हुई।
रेखा के लिए उद्योगपति मुकेश अग्रवाल के साथ विवाह (1990) भी उनके जीवन का दुर्भाग्य ही रहा। उनके पति ने शादी के एक साल बाद ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, तब रेखा न्यूयार्क गई हुई थीं। इस घटना के लिए रेखा आज भी सवालों के घेरे में हैं, शायद यह सवालों का ही नतीजा है कि आज रेखा एकदम शांत, गुप्त और एकाकी है।
रेखा को अपने अब तक के अपने फिल्मी सफर में दो बार (1981,1989) सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर अवार्ड और एक बार सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के फिल्मफेयर अवार्ड
(1997) से नवाजा जा चुका है। आज वह एक सांसद के रूप में लोगों के बीच पहचानी जाती है लेकिन इसे अफसोस ही कहेंगे कि शूटिंग फ्लोर से संसद पहुंच गयीं रेखा ..आज भी तन्हा और अकेली है जिसकी वजह सिर्फ और सिर्फ रेखा को ही पता होगी।


Click it and Unblock the Notifications
