क्या स्टार होने की कीमत चुका रहे हैं अर्जुन-ऋतिक!
स्टारडम दूर से भले ही कितनी अच्छी लगे पर कभी कभी ये तबाही मचा देती है। एक खुशहाल ज़िंदगी, प्यार करने वाला परिवार हर इंसान चाहता है, चाहे वो छोटा हो या बड़ा, लेकिन सफलता के खेल में हम कभी कभी सचमुच भूल जाते हैं कि हमारे एक कदम से किसी के निजी जीवन पर कितना असर पड़ता है। ऋतिक रोशन और सुज़ैन खान के तलाक के बाद बड़े ही अजीब ढंग से उसे अर्जुन रामपाल से जोड़ा गया। सबने इस खबर को फॉलो किया क्योंकि यहां पल पल पैसे और टीआरपी का खेल होता है।
आज फिर एक प्रतिष्ठित अखबार ने यह बात उछाली, लेकिन स्टार्स की भी एक निजी ज़िंदगी है यह बात वो भूल गया। इस बार अर्जुन रामपाल और ऋतिक रोशन चुप नहीं बैठे हैं। खुशी की बात ये है कि फैन्स ने भी उतने ही सम्मान के साथ अर्जुन रामपाल का साथ दिया है। किसी भी खबर को मसाला बनाकर पेश करना, कैची रहना, यह सब हर मीडिया वाले को सिखाया जाता है पर उसीके साथ सिखाई जाती है पारदर्शिता।
जिस हिम्मत के साथ ऋतिक रोशन और सुज़ैन खान ने अपने तलाक की बात स्वीकारी, वो उसी पारदर्शिता का एक नमूना था। फैन्स ने अर्जुन रामपाल का साथ देकर यह साबित किया कि वो कोई भी गॉसिप नहीं खरीदते। ग्लैमर वर्ल्ड और फिल्मी दुनिया सबको लुभाती है लेकिन आज का दर्शक इतना खोखला और कमज़ोर नहीं है कि ग्लैमर के नाम पर कोई भी गॉसिप खरीदे। अगर मीडिया स्टार्स बनाती है, ये बात सच है तो स्टार्स को बेचकर ही मीडिया की दुकान चलती है, ये बात भी उतनी ही सच है।
अर्जुन रामपाल और ऋतिक रोशन के ट्वीट्स ये साबित करते हैं कि अपने परिवारों में वो बहुत खुश हैं और उनकी निजता का ख्याल रखने की अगर उन्होंने गुज़ारिश की है तो उसका सम्मान किया जाना है। अर्जुन को इस बात से जितने परेशान दिखे उतना ही गुस्सा उनके ट्वीट्स में भी साफ ज़ाहिर हुआ। लेकिन ये तो साफ हो गया कि ऋतिक रोशन और अर्जुन रामपाल को अपने स्टारडम की खासी कीमत चुकानी पड़ रही है।


Click it and Unblock the Notifications












