20 साल बाद फिर 'अंदाज़ अपना अपना', लेकिन खुश नहीं हैं आमिर
अपनी क्लासिक कॉमेडी के लिए मशहूर फिल्म 'अंदाज अपना अपना' एक फिर हमें गुदगुदाने को तैयार है। जी हां, नवंबर 1994 में रिलीज़ हुई फ़िल्म अंदाज़ अपना अपना फिर से रिलीज़ होने जा रही है। अख़बार डीएनए की ख़बर के मुताबिक़ फ़िल्म वितरण कंपनी इरोज़ इसे 20 साल बाद दोबारा रिलीज़ कर रही है।
राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित, आमिर खान और सलमान खान की जोड़ी वाली इस फिल्म ने लोगों को खूब हंसाया है। हालांकि 1994 में जब यह फिल्म रिलीज हुई थी, तब इसे कामयाबी हाथ नहीं लगी थी। लेकिन बाद में जब इसे टेलीविजन पर प्रसारित किया गया। तो यह फिल्म प्रेमियों की फेवरिट मूवी लिस्ट में शामिल हो गया।
खबर यह भी है कि इस फिल्म के मुख्य किरदार रहे आमिर खान इस निर्णय से कुछ ज्य़ादा खुश नहीं हैं। आमिर के मुताबिक फिल्म को रिलीज कराने का समय सही नहीं है। आपको बता दे, इस साल दिसंबर में आमिर खान की बहु- प्रतीक्षित फिल्म 'पीके' आने वाली है। और आमिर फिलहाल पूरे जोर-शोर से इस फिल्म के प्रोमोशन में व्यस्त हैं। आमिर ने यहां तक कहा कि "ये पीके का कार्यक्रम है। अंदाज़ अपना अपना के लिए सही समय नहीं है।"
बहरहाल, अगर फिल्म रिलीज होती है तो हमें सलमान-आमिर का फिर से पुराना रूप देखने को मिलेगा। आज भले ही ये दोनों ज्यादा साथ नहीं दिखते, लेकिन अमर-प्रेम की यह दिलचस्प कहानी शायद ही किसी को हंसाने से चूकी हो।


Click it and Unblock the Notifications
