विवाह के बाद 'सत्याग्रह' खास है अमृता के लिए
बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा अमृता राव जो कि अपनी सादगी के लिए काफी मशहूर हैं अब एक बार फिर से अपनी खूबसूरती के जलवे बिखेरेंगी प्रकाश झा की फिल्म सत्याग्रह में। सत्याग्रह फिल्म में अमिताभ बच्चन, मनोज बाजपेयी और करीना कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म में अमृता राव एक कार्यकारी के किरदार में नज़र आएंगी। हालांकि अमृता राव ने सत्याग्रह फिल्म में अपने किरदार के बारे में कुछ भी नहीं कहा है लेकिन फिर भी सूत्रों के अनुसार सत्याग्रह में अमृता राव का किरदार कार्यकार्ता अन्ना हजारे के सांचे में ढ़ाला गया है।
सत्याग्रह फिल्म में अमृता राव के अधिकतर सीन्स अमिताभ बच्चन के साथ शूट किये गये हैं। अमिताभ बच्चन जिनके साथ काम करने की इच्छा हर एक एक्टर रखता है के साथ अधिकतर सीन्स पाकर अमृता की खुशी का ठिकाना नहीं है। अमृता ने कहा कि अमिताभ के साथ काम करना किसी सपने के सच होने जैसा है। अमृता ने कहा " मैं बहुत धन्य महसूस कर रही हूं कि सत्याग्रह फिल्म में मेरे ज्यादातर सीन अमिताभ बच्चन के साथ हैं। सच कहूं तो 99 प्रतिशत सीन उनके साथ हैं। यह मेरे लिए एक ख्वाब का हकीकत में बदलने जैसा है। फिल्म के बारे में और अपनी भूमिका के बारे में बोलने की इजाजत मुझे नहीं है बस इतना कह सकती हूं कि बेहद शानदार भूमिका है।"
अमृता राव इससे पहले 'विवाह' और 'मैं हूं ना' जैसी बेहतरीन फिल्म कर चुकी हैं। इसके अलावा 'इश्क विश्क' फिल्म में भी उनके काम को काफी पसंद किया गया। अमृता राव ने फिल्म अब के बरस से अपने करियर की शुरुआत की थी। सत्याग्रह के अलावा अमृता राव इस साल जॉली एलएलबी और सन्नी देओल की फिल्म सिंह साहेब दि ग्रेट में भी नज़र आएंगी।


Click it and Unblock the Notifications
